24 फरवरी को मलोया स्थित एक मोबाइल दुकान से 15 मोबाइल, हजारों के रिचार्ज कूपन व नगदी चुराने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर 15 मोबाइल, 25 हजार के रिचार्ज कूपन बरामद किया गया है।
मलोया थाना प्रभारी राम रतन ने बताया कि काबू आरोपियों की पहचान मलोया निवासी अमित (22) और आशीष (23) के रूप में हुई है। जबकि गैंग के दो सदस्य अभी फरार हैं। दोनों की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है।
मलोया स्थित एक मोबाइल दुकान में दो साल के दौरान चोरों ने तीसरी बार शटर काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दुकान से 15 मोबाइल, 25 हजार के रिचार्ज कूपन सहित 15 हजार नगद रुपये उड़ा लिए थे। इसके बाद थाना प्रभारी राम रतन ने मामले की जांच शुरू की।
चोरी की वारदात से जुड़े इलाके के आरोपियों को पुलिस ने लिस्ट बनाई। राउंडअप करने के बाद दो आरोपियों ने गुनाह कबूल लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मलोया निवासी दो अन्य के नाम बताए हैं। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जिला अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर ले लिया है।
वारदात करने वाले हथियार बरामद:
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लोहे के काफी हथियार बरामद किए हैं। इसमें हथौड़ा, कटर और सब्बल शामिल है।