करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनहरा गांव में दहेज में कार, नगदी और जेवर नहीं मिले तो पति समेत ससुराल वालों ने मिलकर गुरुवार की दोपहर महिला को केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।
इस मामले में महिला के पिता ने कोतवाली करनैलगंज में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहराइच जनपद के पयागपुर थाना क्षेत्र के सेमरियावां गांव के रहने वाले प्रेम नारायण पांडेय ने करनैलगंज कोतवाली में गुरुवार देर रात दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसने अपनी बेटी चांदनी की शादी चार साल पहले कोतवाली क्षेत्र के सोनहरा गांव निवासी चोखाराम मिश्र के बेटे कुलदीप मिश्र के साथ की थी।
शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल वाले दहेज में कार, नगदी और जेवर की मांग करने लगे। इसको लेकर वे चांदनी को प्रताड़ित किया करते थे।
प्रेम नारायण का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर गुरुवार को दोपहर पति कुलदीप मिश्र, ससुर चोखाराम मिश्र व सास श्रीमती पत्नी चोखाराम मिश्र व परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर केरोसिन डालकर चांदनी को जिंदा जला दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।
इस मामले में प्रेम नारायण पांडेय ने कोतवाली करनैलगंज में पति कुलदीप मिश्र, ससुर चोखाराम मिश्र व सास श्रीमती के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सबीहुल हम्द ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।