आगरा हाईवे स्थित सिविल लाइन थानाक्षेत्र के सुल्तानपुरा गांव के सामने मंगलवार सुबह सीआईएसएफ कमांडेंट की कार ने बाइक सवार बिजली विभाग के जेई को टक्कर मार दी। कमांडेंट ने ही जेई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस कमांडेंट को कार सहित थाने ले गई, लेकिन बाद में छोड़ दिया। उधर, जेई को आगरा रेफर किया है।
सैफई थाना क्षेत्र के गांव उझियानी निवासी मान सिंह उदी बिजली सब स्टेशन में जेई के पद पर हैं। मंगलवार सुबह वे बाइक से ड्यूटी के लिए निकले थे। सुल्तानपुरा गांव के सामने पीछे से आ रही सीआईएसएफ कमांडेंट रोहित कटियार की कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं लगाए होने के कारण मान सिंह को सिर पर भी चोटें आईं हैं। हादसे के बाद कमांडेंट ने कार रुकवाई और घायल को जिला अस्पताल ले गए।
इधर, जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी रावेद्र सिंह मौके पर पहुंचे और कमांडेंट और उनके ड्राइवर को थाने ले आए। लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया। कमांडेंट रोहित कटियार ने बताया कि इस समय उनकी तैनात आसाम के जोरहाट में है। वे नोएडा से बीमार मां को देखने के लिए कानपुर जा रहे थे, तभी हादसा हो गया। उन्हाेंने बताया कि जेई फोन पर बात करते हुए चल रहे थे।