सौंधन(संभल)। हयातनगर थाना क्षेत्र के अमावती गांव में मंगलवार को शाम एक युवक की लाश उसके ही घर में कुंडे के सहारे रस्सी से बनाए गए फंदे से लटकी मिली। जिस वक्त घटना हुई थी उस वक्त घर पर कोई नहीं था। पत्नी मायके गई थी और मां पड़ोस के गांव में रिश्तेदारी में गई थी। युवक के बड़े भाई अवधेश ने हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस को सूचना देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।
रेवती प्रसाद (20) निजी स्कूल में चौकीदार था। वह मंगलवार को बाइक से शाम साढ़े चार बजे के करीब अपने घर आया था। शाम को पांच बजे उसकी मां राममूर्ति जब घर पहुंची तो वह कमरे के अंदर कुंडे से लटका था। कुंडे से लटकी उसकी लाश देखकर चीख निकल गई। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग आ गए। देखा तो रेवती प्रसाद का शव लटका था। उसे उतारा गया। तब तक पुलिस आ गई। इसके बाद पत्नी रजनी नूरपुर स्थित मायके से आ गई। उसकी शादी को एक वर्ष भी नहीं हुआ है। भाई अवधेश का कहना है कि उसके भाई को कुछ लोगों ने मार कर लटकाया है। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन गिरी का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्म हत्या की घटना प्रतीत हो रही है। आगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।