कस्बे के मुख्य बाजार से इंडरमीडिएट की छात्रा शालू (17) का कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने अपहरण कर लिया। घटना शुक्रवार दोपहर को हुई। पुलिस परिजनों की तहरीर पर अपहरण की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके छात्रा और अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुट गई है।
रबूपुरा कोतवाली के मिर्जापुर गांव निवासी प्रकाश की बड़ी बेटी शालू ने दनकौर के एक कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। शुक्रवार को वह किसी काम से कॉलेज गई थी और वहां से अपनी छोटी बहन के साथ दोपहर में लगने वाले शुक्र बाजार से होते हुए लौट रही थी।
जब वह कस्बे के मुख्य बाजार स्थित जैन मंदिर के पास पहुंची, तो वहां पर पहले से ही घात लगाए खड़े सफेद रंग की मारुति वैन में चार नकाबपोश बदमाशों ने पास आते ही शालू को जबरन कार में खींच लिया और फरार हो गए। इस दौरान उसकी छोटी बहन ने शोर मचाया, मगर जब तक लोग एकत्र होते, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने आनन-फानन में बदमाशों की तलाश के लिए पूरे कस्बे को घेर लिया, मगर कोई कामयाबी नहीं मिली।
परिजनों की तहरीर पर चार बदमाशों के खिलाफ छात्रा के अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो टीमें बनाई हैं और जल्द ही छात्रा को बरामद करके अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। कई दृष्टिकोण से मामले की जांच की जा रही है।
-अजय कुमार, सीओ द्वितीय