यशस्वी जायसवाल, नासिर हुसैन और बेन डकेट
- फोटो : BCCI/Social Media
राजकोट में इंग्लैंड पर भारत की जीत में स्टार बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अहम किरदार निभाया। बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने रविवार को राजकोट में तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन दोहरा शतक जमाया था। यह उनका इस सीरीज में लगातार दूसरे टेस्ट में दोहरा शतक रहा। इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम टेस्ट में उन्होंने भारत की पहली पारी में 209 रन बनाए थे। 22 साल के इस खिलाड़ी ने राजकोट में नाबाद 214 रन की पारी खेली। हालांकि, राजकोट में उनकी पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने इंग्लैंड के बैजबॉल का जवाब उसी अंदाज में दिया और चौथे दिन तो ताबड़तोड़ छक्के जड़े। यशस्वी ने भारत के लिए एक टेस्ट पारी और सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
डकेट ने क्या कहा था?
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : BCCI
हालांकि, यशस्वी के शतक बनाने के बाद इंग्लैंड के स्टार बेन डकेट ने एक अजीब बयान दिया था। डकेट ने मैच के बाद मीडिया से कहा, 'जब आप विरोधी टीम के खिलाड़ियों को इस तरह खेलते हुए देखते हैं तो ऐसा लगता है कि हमें श्रेय लेना चाहिए कि वे अन्य लोगों की तुलना में अलग तरह से खेल रहे हैं। यह देखना काफी रोमांचक है कि अन्य खिलाड़ी और अन्य टीमें भी आक्रामक शैली की क्रिकेट खेल रही हैं। यशस्वी आने वाले समय के सुपरस्टार की तरह दिख रहे हैं। हालांकि, हमारे लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह इस समय बहुत अच्छे फॉर्म में हैं।'
नासिर हुसैन का जवाब
यशस्वी जायसवाल
- फोटो : BCCI
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने डकेट के इस बयान पर नाराजगी जाहिर की है और उन्हें करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा, 'यशस्वी पर डकेट की टिप्पणी कि उन्होंने हमसे आक्रामक बल्लेबाजी सीखी है, मैं उस पर बात करने जा रहा हूं। उन्होंने आपसे नहीं सीखा है, उन्होंने अपनी परवरिश से सीखा है और बड़े होने के दौरान उन्हें जो भी कड़ी मेहनत करनी पड़ी, बल्लेबाजी उन्होंने आईपीएल से सीखी है। कुछ भी हो, उनका रवैया ऐसा है कि मैं उसे देखूंगा और उससे कुछ सीखूंगा।'
इंग्लैंड की टीम में सुधार की गुंजाइश है
इंग्लैंड की टीम
- फोटो : BCCI
नासिर ने कहा, 'इसलिए इंग्लैंड के खिलाड़ी सार्वजनिक रूप से और ड्रेसिंग रूम में जो भी कह रहे हैं, मुझे उम्मीद है कि वे थोड़ा खुद के अंदर भी झांकें। उन्हें इस रवैये के साथ होना चाहिए कि मैं उस लड़के (यशस्वी) को देख सकता हूं और उनसे सीख सकता हूं। नहीं तो वह खुद को महान ही सोचने लगेंगे। कई बार बैजबॉल को एक बड़ी चीज के रूप में बताया जाता है, जिसकी आप आलोचना नहीं कर सकते। मुझे लगता है कि मौजूदा समय में भी इस रणनीति के साथ भी इंग्लैंड की टीम में सीखने और सुधार के लिए जगह है।'