दो ग्रुप में बटी टीमें
महिला टी20 विश्व कप का आगाज तीन अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगा। सभी मुकाबले दुबई और शारजाह में खेले जाएंगे। इसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमों को रखा गया है। वहीं, ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं।
मंधाना और शेफाली होंगी उपयोगी
हाल ही में भारतीय टीम एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका के हाथों हारी थी और फाइनल की बाधा को पार करना टीम के बड़ी चुनौती रहेगी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी भी अच्छी फॉर्म में हैं। पिछले एक साल से दोनों ही खिलाड़ियों ने काफी रन भी बनाए हैं। मंधाना ने स्पिन के खिलाफ अपने खेल पर कड़ी मेहनत की है।
दीप्ति से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद
स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अपने प्रदर्शन से कप्तान हरमनप्रीत का कई मौके पर दबाव कम किया है। वह प्लेइंग 11 की अहम खिलाड़ी हैं। वह यूएई में भारतीय टीम के लिए अहम साबित हो सकती हैं। दीप्ति के बल्लेबाजी आंकड़े उतने प्रभावी नहीं हो, लेकिन ऐसी स्थिति में भी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में जनवरी 2022 से लेकर अब तक उन्हें छोड़कर किसी अन्य खिलाड़ी ने 45 विकेट और 420 रन नहीं बनाए हैं। महिला हंड्रेड लीग में भी उन्होंने अपनी ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित किया था। उन्होंने लंदन स्पिरिट के लिए 132.50 के स्ट्राइक रेट से 212 रन बनाए थे और 6.85 की इकॉनमी से आठ विकेट चटकाए थे।
गेंदबाजी में है दम
भारत की गेंदबाजी स्पिनरों पर ज्यादा निर्भर है। वेस्टइंडीज की बल्लेबाज हों या किसी अन्य टीम के लिए भी उन्हें खेलना आसान नहीं होगा। दीप्ति के अलावा तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकार, रेणुका सिंह जबकि स्पिनर राधा यादव और दयालन हेमलता भी अपनी फिरकी का जादू इस विश्व कप में छोड़ना चाहेंगी।
उलटफेर में माहिर है वेस्टइंडीज
आठ साल से खिताब के इंतजार कर रही वेस्टइंडीज की टीम उलटफेर के लिए जानी जाती है। टीम की कप्तान हैली मैथ्यूज हैं। टीम की मजबूती तेज गेंदबाजी है। वेस्टइंडीज के पास उप-कप्तान कैंपबेल, डोटिन जैसी अच्छी खिलाड़ी भी हैं।
महिला टी20 विश्व कप 2024 के लिए दोनों टीमें
भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, जेमिमाह रोड्रिग्स, ऋचा घोष, यास्तिका भाटिया, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, दयालन हेमलता, आशा शोभना, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, सजना सजीवन।
वेस्टइंडीज : हेली मैथ्यूज (कप्तान), कैंपबेल (उप-कप्तान), चिनेली हेनरी, चेडीन नेशन, देंद्रा डोटिन, मैंडी मांगरू, अश्विनी मुनिसर, स्टेफनी टेलर, जैम्स, आलियाह अलेनी, शमिला कोनेल, एफी फ्लेचर, क्विना जोसेफ, करिश्मा रामहेरेक, नेरिशा क्राफटन।