वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका प्लेइंग 11
- फोटो : ICC
दक्षिण अफ्रीका की टीम ने टी20 विश्व कप में दमदार प्रदर्शन किया और टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। दक्षिण अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचने से एक जीत दूर है, जबकि वेस्टइंडीज के लिए यह करो या मरो के मुकाबले की तरह है। वेस्टइंडीज की टीम सुपर आठ चरण में दो में से एक मैच गंवा चुकी है और उसे अपनी उम्मीदें जीवंत रखने के लिए दक्षिण अफ्रीका का विजय रथ रोकना ही होगा।
हारने पर आगे की राह होगी कठिन
वेस्टइंडीज के लिए जीत ही उसका अंतिम चार में प्रवेश तय कर सकती है, जबकि हारने पर मामला नेट रन रेट पर जाएगा और वह भी तब जब अमेरिका दूसरे मैच में इंग्लैंड को हरा दे। दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका ने अभी तक सभी छह मैच जीते हैं लेकिन उसे भी जीत की जरूरत है। हारने पर उसका अंतिम चार में पहुंचना भी बाकी मैचों के नतीजों और नेट रन रेट पर टिका होगा। दोनों टीमों के सामने हालांकि मैच से पहले तस्वीर साफ होगी।
काइल मेयर्स को मिल सकता है मौका
वेस्टइंडीज टीम इंग्लैंड के खिलाफ स्ट्राइक रोटेट करने में नाकाम रही थी, लेकिन अमेरिका के खिलाफ अपनी इस कमी से उसने पार पा लिया। शाई होप ने 39 गेंद में 82 रन बनाए और उनके अलावा डेथ ओवरों में निकोलस पूरन और आंद्रे रसेल भी आक्रामक बल्लेबाजी में माहिर हैं। काइल मेयर्स भी अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। एसए 20 और विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें मौका दिया जा सकता है। रोस्टन चेस ने मैच से पूर्व कहा, हम पावरप्ले में जब भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं, मैच जीत जाते हैं। अभी यही फोकस होगा कि पावरप्ले में गेंदबाजी और बल्लेबाजी बढ़िया रहे।
दक्षिण अफ्रीका की नजरें विजयी रथ जारी रखने पर होंगी
दूसरी ओर दक्षिण अफ्रीका सारे मैच जीतने के बावजूद आत्मविश्वास से भरी नहीं लग रही। अमेरिका और नेपाल जैसी नौसिखिया टीमों ने उसे नाकों चने चबवा दिए थे। हालांकि, उसकी कोशिश होगी कि वह सुपर आठ चरण में लगातार तीसरा मैच जीतकर अपना विजयी रथ जारी रखे। दक्षिण अफ्रीका के लिए क्विंटन डिकॉक और रीजा हेंडरिक्स ने रन बनाने की जिम्मेदारी निभाई है, जबकि गेंदबाजी में एनरिच नॉर्त्जे और केशव कामयाब रहे हैं। वेस्टइंडीज के पास अकील हुसैन, गुडाकेश मोती और रोस्टन चेस जैसे उम्दा स्पिनर भी हैं जिन पर बीच के ओवरों में रनगति रोकने का जिम्मा होगा।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
वेस्टइंडीजः शाई होप, जॉनसन चार्ल्स, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), रोस्टन चेज, रोवमैन पॉवेल (कप्तान), काइल मेयर्स, आंद्रे रसेल, अकील हुसैन, अल्जारी जोसेफ, गुडाकेश मोती, ओबेड मैकॉय।
दक्षिण अफ्रीकाः रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसेन, केशव महाराज, कैगिसो रबादा, एनरिच नॉर्त्जे, तबरेज शम्सी।