किंग्स्टन का सबीना पार्क क्रिकेट मैदान
- फोटो : ICC@twitter
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला जमैका के किंग्स्टन में खेला जा रहा है। लेकिन दूसरे दिन खराब मौसम और बारिश की वजह से खेलन नहीं हो सका। पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही। इस दौरान जब कभी बारिश बंद हुई तो ग्राउंड स्टाफ ने मैच शुरू करने की पूरी कोशिश की लेकिन बारिश के आगे एक न चली। कुल मिलाकर टेस्ट मैच के दूसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद पाकिस्तान ने चार विकेट पर 212 रन बनाए थे।
सबीना पार्क में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कैरेबियन टीम ने टॉस जीतकर फील्डिंग की। बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत ठीक नहीं रही और 2 रन पर उसके तीन विकेट पवेलियन लौट गए। इसके बाद मेहमान टीम दबाव में थी ऐसे में बाबर आजम और फवाद आलम ने अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को संकट से उबारा।
फवाद आलम 76 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट आउट हुए। वहीं बाबर आजम में कप्तानी पारी खेलते हुए 75 रन बनाए। पहले दिन का जब खेल खत्म हुआ तो मोहम्मद रिजवान 22 और फहीम अशफर 23 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे। वेस्टइंडीज के तरफ से केमार रोच ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके।
वेस्टइंडीज ने जिस तरह से पहले दिन शुरुआत की थी उससे देख यही लगा कि मेजबान दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान पर भारी पड़ेंगे। लेकिन बारिश और खराब मौसम के चलते पाकिस्तान को थोड़ी राहत जरूर मिली होगी। दो टेस्ट मैचों की सीरीज में कैरेबियन टीम पहला मुकाबला जीतकर 1-0 से आगे है।