वहीं, भारत के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भी इस मामले पर बातचीत की है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि शुभमन निश्चित रूप से अभी बेहतर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मेडिकल टीम हर रोज शुभमन की देखभाल कर रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले हमारे पास डेढ़ दिन का समय है। हम देखेंगे कि मेडिकल टीम क्या फैसला लेती है। वह निश्चित रूप से बेहतर महसूस कर रहे हैं। मेडिकल टीम ने अभी तक उन्हें मैच से बाहर नहीं किया है। हम हर दिन उनकी निगरानी करते रहेंगे। हम देखेंगे कि वह रविवार को कैसा महसूस करते हैं।
हाल के समय में वनडे में भारत के सबसे शानदार बल्लेबाजों में शुमार शुभमन गिल कथित तौर पर तेज बुखार से पीड़ित हैं और इस मामले पर अंतिम फैसला करने से पहले उनका ठीक तरीके से परीक्षण किया जाएगा। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ''शुभमन को चेन्नई पहुंचने के बाद से तेज बुखार है। उसके टेस्ट किए जा रहे हैं। अच्छे से टेस्ट के बाद ही पहले मैच में उनके खेलने पर फैसला किया जाएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिल का डेंगू के लिए फिर से परीक्षण किया जा रहा है और अगर इसकी पुष्टि होती है तो वह ऑस्ट्रेलिया समेत कुछ और मैचों से बाहर रह सकते हैं। डेंगू से उबरने में आमतौर पर एक खिलाड़ी को फिर से मैच-फिट होने में सात से 10 दिन लगते हैं। हालांकि, अगर प्लेटलेट काउंट में काफी गिरावट होती है, तो इसमें बहुत अधिक समय लग सकता है। शुभमन को अगर उबरने में अधिक समय लगता है तो उनके अफगानिस्तान (11 अक्तूबर) और पाकिस्तान (14 अक्तूबर) के खिलाफ मैच से भी बाहर रह सकते हैं।
सूत्र ने कहा- अगर शुभमन को सामान्य वायरल बुखार है, तो वह एंटीबायोटिक दवाएं लेकर खेल सकते हैं, लेकिन यह पूरी तरह से मेडिकल टीम का फैसला है। इस सत्र में 1200 रन बनाने वाले गिल ने पिछले कुछ समय में कप्तान रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए कई सफल साझेदारियां की हैं। अगर वह लंबे समय तक अनुपस्थित रहते हैं, तो यह भारतीय टीम के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है।