विराट ने साल 2023 में 35 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 36 पारियों में 66.06 की औसत से 2048 रन बनाए। इनमें आठ शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। कोहली के बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारत को भले ही करारी शिकस्त मिली हो, लेकिन दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के 146 साल के इतिहास में कभी नहीं हो सका। क्रिकेट 1877 से खेला जा रहा है। तब से लेकर अब तक विराट वह पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट यानी तीनों प्रारूप मिलाकर सात अलग-अलग कैलेंडर वर्ष में 2000 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं।
विज्ञापन
विराट ने सबसे ज्यादा सात बार एक कैलेंडर वर्ष में 2000+ रन बनाए। वह ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। विराट ने दूसरी पारी में 82 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 76 रन की पारी खेली और मुकाम हासिल किया। हालांकि, वह टीम इंडिया को हार से नहीं बचा सके।
विराट ने संगकारा को पीछे छोड़ा
विराट कोहली
- फोटो : सोशल मीडिया
विराट ने साल 2023 में 35 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 36 पारियों में 66.06 की औसत से 2048 रन बनाए। इनमें आठ शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने इससे पहले साल 2012 में 2186 रन, साल 2014 में 2286 रन, साल 2016 में 2595 रन, साल 2017 में 2818 रन, साल 2018 में 2735 रन और साल 2019 में 2455 रन बनाए थे। 1877 में पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेले जाने के बाद से (आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार) किसी अन्य खिलाड़ी ने यह उपलब्धि हासिल नहीं की है। कोहली के बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी कुमार संगकारा हैं। संगा ने छह बार ऐसा किया है।
विराट कोहली ने कब-कब एक कैलेंडर वर्ष में 2000+ रन बनाए (तीनों प्रारूप मिलाकर)
साल
रन
औसत
100/50
2012
2186
53.31
8/10
2014
2286
55.75
8/12
2016
2595
86.50
7/13
2017
2818
68.73
11/10
2018
2735
68.37
11/9
2019
2455
64.60
7/14
2023
2048
66.06
8/10
संगकारा ने कब-कब किया ऐसा
कुमार संगकारा
संगकारा ने 2013 (2868 रन), 2006 (2609 रन), 2009 (2436 रन), 2011 (2267 रन), 2012 (2148 रन) और 2004 (2124 रन) में ऐसा किया था। वहीं, श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने और भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने पांच-पांच बार ऐसा किया है। जयवर्धने ने 2001 (2313 रन), 2007 (2230 रन), 2006 (2179 रन), 2009 (2094 रन) और 2013 (2007 रन) में ऐसा किया था। सचिन ने 1998 में 2541 रन, 1996 में 2234 रन, 2007 में 2201 रन, 2002 में 2133 रन और 1997 में 2011 रन बनाए थे। तीनों प्रारूप मिलाकर एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड संगकारा के ही नाम है। उन्होंने 2013 में 2868 रन बनाए थे।
भारत के अन्य खिलाड़ियों में सौरव गांगुली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में 2000+ रन बनाने काम चार बार किया है। वहीं, राहुल द्रविड़ ने तीन बार ऐसा किया। ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और मैथ्यू हेडन चार-चार बार ऐसा कर चुके हैं। मौजूदा क्रिकेटरों में जो रूट, केन विलियम्सन, स्टीव स्मिथ और बाबर आजम कोहली से काफी पीछे हैं। रूट ने तीन बार ऐसा किया है, जबकि स्मिथ और बाबर ने दो-दो बार यह उपलब्धि हासिल की। विलियम्सन सिर्फ एक बार ऐसा कर सके हैं।
मैच में क्या हुआ?
टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका ने पारी और 32 रन से जीत लिया। इसके साथ ही अफ्रीकी टीम ने दो मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त ले ली है। इस मैच में भारतीय टीम तीन दिन भी नहीं टिक सकी। बारिश की वजह से इस मैच में किसी भी दिन पूरे 90 ओवर का खेल नहीं हुआ, लेकिन भारत तीसरे दिन का खेल खत्म होने से पहले ही पारी के अंतर से हार गया। भारत ने पहली पारी में लोकेश राहुल के शतक के दम पर 245 रन बनाए थे। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 408 रन का विशाल स्कोर बनाया और 163 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में भारत 131 रन पर सिमट गया और मैच भी गंवा दिया।