सेंचुरियन टेस्ट में डांस करते कोहली
- फोटो : अमर उजाला
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन में तीन मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली मैच के बीच में मैदान पर डांस करते दिखे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस इस पर रिएक्ट भी कर रहे हैं। भारत ने पहले टेस्ट मैच में अपनी पकड़ बना ली है। पहली पारी में टीम इंडिया ने 327 रन बनाए थे। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 197 रन पर समेट दिया। दूसरी पारी में टीम इंडिया बल्लेबाजी कर रही है।
विराट की ऊर्जा देखने लायक होती है
मैदान पर ऊर्जा की बात करें तो किसी भी खिलाड़ी का विराट की ऊर्जा से मेल कर पाना नामुमकिन है। वह हमेशा मैदान पर एक्टिव रहते हैं और दर्शकों को एंटरटेन करते रहते हैं। तीसरे दिन जब कोहली मैदान पर उतरे तो उनकी ऊर्जा देखने लायक थी। मैच के दौरान कई बार वह दर्शकों से बातचीत करते भी दिखे और उन्हें टीम को चीयर करने के लिए भी कहा।
विराट मैदान पर बेहद खुश नजर आए
इसके बाद जब दक्षिण अफ्रीका के विकेट गिर रहे थे, तो विराट काफी खुश नजर आए और बीच मैदान डांस करने लगे। इसके बाद कमेंटेटर भी बोलते दिखे कि विराट मूड में आ रहे हैं। इसके बाद इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया। लावन्या नाम की एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि विराट को डांस करते देखने में आनंद आता है।
टीम इंडिया ने मैच में अपनी पकड़ बनाई
इसमें कोई दो राय नहीं है कि टीम इंडिया ने मैच में अपनी पकड़ बना ली है। कोहली अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी खुश होंगे। 33 साल का यह खिलाड़ी हालांकि बल्लेबाजी में कुछ खास नहीं कर सका और पहली पारी में 94 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुआ। इसके अलावा केएल राहुल ने 123 रन की बेहतरीन पारी खेली। वहीं, अजिंक्य रहाणे ने 48 रन बनाए। इसकी बदौलत टीम इंडिया 327 रन बना सकी।
भारत को दूसरी पारी में 130 रन की बढ़त
गेंदबाजों में मोहम्मद शमी का कहर बरपा और उन्होंने पांच दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं, शार्दुल ठाकुर और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट झटके। इसकी बदौलत अफ्रीकी टीम 197 रन बना सकी और टीम इंडिया को 130 रन की बढ़त हासिल हुई। खबर लिखे जाने तक भारत ने चौथे दिन अपनी दूसरी पारी में दो विकेट गंवा दिए हैं। मयंक अग्रवाल चार रन और शार्दुल 10 रन बनाकर आउट हुए।