टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्क्वॉड में कुछ बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को अक्षर पटेल की जगह स्क्वॉड में शामिल किया गया है। वहीं, अक्षर को शार्दुल की जगह स्टैंडबाई खिलाड़ियों की लिस्ट में भेज दिया गया है।
टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्क्वॉड में कुछ बदलाव किए हैं। तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर को अक्षर पटेल की जगह स्क्वॉड में शामिल किया गया है। वहीं, अक्षर को शार्दुल की जगह स्टैंडबाई खिलाड़ियों की लिस्ट में भेज दिया गया है।
विज्ञापन
आईपीएल के प्रदर्शन पर लिया गया फैसला
भारतीय क्रिकेट की मुख्य चयन समिति ने बुधवार को इसकी घोषणा की। चयनकर्ताओं ने पिछले महीने नौ सितंबर को टी-20 विश्व कप के स्क्वॉड का एलान किया था। उसमें 15 खिलाड़ी चुने गए थे। हालांकि, इसके बाद हुए आईपीएल में कुछ खिलाड़ियों की फॉर्म चिंता का विषय रही। इसको देखते हुए यह बदलाव किए गए हैं।
हार्दिक टीम में जगह बचाने में हुए कामयाब
हालांकि, चयनकर्ताओं ने खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक पांड्या को टीम में बनाया हुआ है। वहीं, ईशान किशन और सूर्यकुमार ने भी आखिरी कुछ मैचों में अच्छी पारी खेल जगह बचाने में कामयाब हुए। नए स्क्वॉड में भी तीन बल्लेबाज, तीन विकेटकीपर, तीन ऑलराउंडर और छह गेंदबाज हैं।
हार्दिक के कवर के तौर पर शार्दुल
माना जा रहा है कि शार्दुल को हार्दिक के कवर के तौर पर लाया गया है। हार्दिक पिछले काफी समय से गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। उन्हें अभी टीम में बतौर बल्लेबाजी ही शामिल किया गया है। हालांकि, रोहित शर्मा कह चुके हैं कि हार्दिक जल्द ही गेंदबाजी करना शुरू करेंगे, लेकिन अब तक वह फिट नहीं हो पाए हैं।
ऐसे में शार्दुल को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है। शार्दुल गेंदबाजी के साथ-साथ आक्रामक बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। उन्होंने आईपीएल 2021 में 15 मैचों में 8.75 की इकोनॉमी रेट से 18 विकेट चटकाए हैं। शार्दुल ने आईपीएल में अब तक 60 मैचों में कुल 64 विकेट चटकाए हैं।
शार्दुल का अंतरराष्ट्रीय करियर
शार्दुल ने अब तक भारत के लिए चार टेस्ट, 15 वनडे और 21 टी-20 मैच खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 14 विकेट, वनडे में 22 विकेट और टी-20 में 31 विकेट लिए हैं। इसके अलावा बल्लेबाजी में टेस्ट में शार्दुल ने 38 की औसत से 190 रन, वनडे में 21.4 की औसत से 107 रन और टी-20 में 34.5 की औसत से 69 रन बनाए हैं।
तीन स्टैंडबाई खिलाड़ी और आठ नेट बॉलर्स
वहीं, श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल स्टैंडबाई खिलाड़ी के तौर पर टीम के साथ रहेंगे। इसके अलावा चयनकर्ताओं ने आईपीएल 2021 के आठ स्टार खिलाड़ियों को भी टीम इंडिया के साथ बनाए रखा है। यह सभी आठ खिलाड़ी यूएई में टीम की तैयारी में मदद करेंगे। इनमें ज्यादातर नेट बॉलर्स भी हैं। जरूरत पड़ने पर इनमें से किसी को स्क्वॉड में भी शामिल किया जा सकता है।
टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम:विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उपकप्तान), केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, राहुल चाहर, रविचंद्रन अश्विन, शार्दुल ठाकुर, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी।
स्टैंडबाई खिलाड़ी: श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर, अक्षर पटेल
टीम इंडिया की मदद के लिए ये खिलाड़ी यूएई में रुकेंगे:अवेश खान, उमरान मलिक, हर्षल पटेल, लुकमान मेरीवाला, वेंकटेश अय्यर, कर्ण शर्मा, शाहबाज अहमद और कृष्णप्पा गौतम।