भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर बनी हाइप को तूल नहीं देते हुए कहा कि टिकटों की भारी मांग के बावजूद उनके लिए यह एक सामान्य मैच की तरह ही है। विश्व कप में भारतीय टीम पाकिस्तान से कभी नहीं हारी है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा है कि उन्हें यकीन है कि उनकी टीम 24 अक्तूबर को यह मैच जरूर जीतेगी ।
कोहली ने कहा कि वह बड़े-बड़े दावे करने में विश्वास नहीं करते। मुझे यह दूसरे मैचों की तरह ही लगता है। मुझे पता है कि इस मैच को लेकर काफी हाइप है खासकर टिकटों की मांग और बिक्री को लेकर। मेरे दोस्त मुझसे टिकट मांग रहे हैं और मैं उन्हें ‘ना ’ कहता जा रहा हूं। कोहली ने कहा, हमारे लिए यह एक मैच ही है जिसे सही भावना से खेला जाना चाहिए जो हम खेलेंगे। बाहर से या दर्शकों की नजर से माहौल अलग दिखता होगा लेकिन खिलाड़ियों का नजरिया पेशेवर रहता है। हम सामान्य मैच की तरह ही हर मैच को लेते हैं। एजेंसी
धोनी की मौजूदगी से बढ़ेगा मनोबल
विराट ने कहा कि ‘मेंटर’ धोनी की मौजूदगी , व्यवहारिक सलाह और जटिल बारीकियों पर नजर से विश्व कप टीम का आत्मविश्वास बढ़ेगा। धोनी को पिछले माह ही बीसीसीआई ने विश्व कप में टीम का ‘मेंटर’ बनाया था।
बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली का कहना है कि विराट की टीम में टी20 विश्व कप के उचित दावेदार के रूप में हर तरह की प्रतिभा मौजूद है। ट्रॉफी जीतने के लिए टीम को बस थोड़ी परिपक्वता दिखाने की जरूरत है। सीधे खिताब का लक्ष्य बनाने के बजाय प्रत्येक मैच जीतने पर ध्यान देना चाहिए। एजेंसी
विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड टीम से जुड़े स्टीफन फ्लेमिंग
चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल विजेता मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग शनिवार को अल्पकाल के लिए टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से जुड़ गए। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान फ्लेमिंग के मार्गदर्शन में चेन्नई ने शुक्रवार को चौथी बार आईपीएल खिताब जीता।