फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस ने आपातकाल की स्थिति घोषित करते हुए कहा, 'प्रारंभिक रिपोर्ट्स से संकेत मिलते हैं कि बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और बाढ़ ने इस काउंटी में प्रमुख अंतरराज्यीय, राज्य और काउंटी रोडवेज, हवाई अड्डों, स्कूलों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को भी प्रभावित किया है।' फोर्ट लॉडरडेल के मेयर डीन ट्रैंटालिस ने भी आपातकाल की घोषणा कर दी है।
श्रीलंकाई टीम फ्लोरिडा में फंसी
श्रीलंकाई टीम को बुधवार को फोर्ट लॉडरडेल से कैरेबियाई द्वीप के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन भारी बारिश और बाढ़ ने उन्हें वहीं रुकने के लिए मजबूर कर दिया है। श्रीलंका अपने अंतिम ग्रुप मैच में सोमवार 17 जून को सेंट लूसिया में नीदरलैंड से भिड़ेगा। उन्होंने अब तक अपने तीन मैचों में से दो गंवाए हैं और गुरुवार को बांग्लादेश की नीदरलैंड पर जीत ने श्रीलंका को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया।
'आपातकाल की स्थिति' से पाकिस्तान को क्या नुकसान?
फ्लोरिडा के फोर्ट लॉडरडेल में स्थित सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क में इस हफ्ते टी20 विश्व कप के कुछ महत्वपूर्ण मैच खेले जाने हैं। इनमें अमेरिका और आयरलैंड के बीच मैच के अलावा पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच मैच शामिल है। पाकिस्तान और अमेरिका के बीच ग्रुप-ए से अगले दौर में पहुंचने को लेकर जंग है। बारिश के कारण एक भी मैच धुलने पर अमेरिकी टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी। इसी का डर पाकिस्तान की टीम को सता रहा है। शुक्रवार को भारतीय टीम का प्रैक्टस सेशन भी भारी बारिश के कारण रद्द कर दिया गया।
क्या कहते हैं समीकरण?
अमेरिका शुक्रवार को आयरलैंड से भिड़ेगा, जबकि पाकिस्तान का मुकाबला रविवार को है। अगर अमेरिका आयरलैंड को हरा देता है या मैच बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो वह ग्रुप ए से सुपर आठ में जगह बनाने वाली दूसरी टीम बन जाएगी। मैच धुला तो अमेरिका और आयरलैंड को एक-एक अंक मिलेंगे। इसलिए, अमेरिका पांच अंकों तक पहुंच जाएगा, जबकि पाकिस्तान की टीम अधिकतम चार अंकों तक पहुंच सकती है। इसका मतलब है कि रविवार को होने वाले पाकिस्तान के मैच का कोई महत्व नहीं होगा। भारत और कनाडा की टीम भी 15 जून को फ्लोरिडा में ही भिड़ेगी।
अगर अमेरिका और आयरलैंड के बीच फ्लोरिडा में होने वाला मैच बारिश के कारण रद्द हो जाता है तो पाकिस्तान की टीम बाहर हो जाएगी। हालांकि, अगर अमेरिका आयरलैंड से हार जाता है, तो पाकिस्तान रविवार को आयरलैंड का सामना कर और जीत हासिल कर खुद को सुपर-8 में पहुंचा सकता है। हालांकि, अमेरिका के आयरलैंड से हारने पर अगर पाकिस्तान-आयरलैंड मैच बारिश से धुल जाता है तो भी अमेरिकी टीम सुपर-8 में पहुंच जाएगी। अमेरिका के आयरलैंड से हारने पर पाकिस्तान के लिए हर हाल में जीत जरूरी है।
अमेरिका के जीतने या धुलने पर पाकिस्तान का सफर समाप्त हो जाएगा। फैंस ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान टीम के मजे भी लिए हैं। दरअसल, 2022 टी20 विश्व कप हो या अन्य आईसीसी टूर्नामेंट, पाकिस्तान की टीम को भाग्य का साथ मिलता रहा है। 2022 में जिम्बाब्वे से हारने के बावजूद टीम फाइनल में पहुंची थी और फैंस ने इसे 'कुदरत का निजाम' कहा था। अब सोशल मीडिया यूजर्स फ्लोरिडा की स्थिति को देखते हुए भी पाकिस्तान के मजे ले रहे हैं। फैंस का कहना है कि क्या इस साल 'कुदरत का निजाम' पाकिस्तान के काम आएगा?
भारत ग्रुप ए में तीन मैचों में छह अंक (नेट रन +1.137) के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने सुपर आठ में जगह पक्की कर ली है। यूएसए अभी भी तीन मैचों में चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, लेकिन उसका नेट रन रेट +0.127 हो गया है। यह पाकिस्तान के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उनका नेट रन रेट अब अमेरिका से बेहतर है। भारत के अलावा ग्रुप-बी से ऑस्ट्रेलिया, ग्रुप-सी से वेस्टइंडीज और ग्रुप-डी से दक्षिण अफ्रीका की टीम सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर चुकी है।