न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम का मानना है कि कीवी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में थोड़ा असहज थी और आक्रामक अंदाज होने के बावजूद खिलाड़ी उसका इजहार नहीं कर पाए।
उन्होंने कहा,‘मैं यह नहीं कहना चाहता हूं कि जहां बंदूक से काम चलना था वहां हम चाकू लेकर गए। हम बंदूक लेकर ही गए लेकिन हमने गोलियां नहीं चलाईं। हम थोड़ा असहज थे। हम मौका चूक गए। हम जिन गोलियों को साथ लेकर गए थे, हमने उनका उपयोग नहीं किया। मुझे उनसे (मार्टिन गुप्टिल) थोड़ा अधिक आक्रामकता की उम्मीद थी। फाइनल में उन्होंने 35 गेंदों पर 28 रन बनाए जो अच्छा नहीं दिखता।’
टी-20 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से हराया था। न्यूजीलैंड को अब बुधवार से भारत के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। सीरीज के लिए कीवी टीम सोमवार को जयपुर पहुंच चुकी है। कीवी टीम पिछले कुछ सालों में तीनों फॉर्मेट में सबसे सफल टीम बनकर उभरी है। वे 2019 विश्व कप फाइनल के अलावा 2021 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंचे थे।