सिंगापुर ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप एशिया क्वालिफायर-ए के दौरान मंगोलिया की टीम को टी20 के संयुक्त न्यूनतम स्कोर पर ढेर कर दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मंगोलिया की टीम को मनप्रीत सिंह की अगुआई वाली सिंगापुर ने महज 10 रन पर ऑलआउट कर दिया। कलाई के स्पिनर हर्षा भारद्वाज ने शानदार प्रदर्शन किया और टी20 अंतरराष्ट्रीय का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में तीन रन देकर छह विकेट झटके।
सिंगापुर ने पांच गेंदों पर हासिल किया लक्ष्य
हर्षा के अलावा सिंगापुर के लिए अक्षय पुरी चार रन देकर दो विकेट, राहुल शेशदारी दो रन देकर एक विकेट और रमेश कालीमुतु ने एक रन देकर एक विकेट झटका। सिंगापुर की गेंदबाजी इतनी अच्छी थी कि मंगोलिया की टीम सिर्फ 10 ओवर ही खेल सकी और टी20 इतिहास में संयुक्त रूप से न्यूनतम स्कोर पर ढेर हो गई। जवाब में सिंगापुर की टीम ने सिर्फ पांच गेंदों पर मैच जीत लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए सिंगापुर ने पहले ही ओवर में एक विकेट पर 13 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। हालांकि, मंगोलिया ने सिंगापुर के कप्तान हरमनप्रीत को शून्य पर आउट कर अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन राउल शर्मा (नाबाद सात) ने सिंगापुर को मैच जिताया। उनके अलावा विलियम सिपसन भी दो गेंदों पर छह रन बनाकर नाबाद लौटे।
आईल ऑफ मैन के रिकॉर्ड की बराबरी की
मंगोलिया ने इस तरह आईल ऑफ मैन टीम के अनचाहे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जो स्पेन के खिलाफ फरवरी 2023 में 10 रन पर ऑलआउट हो गई थी। उस मैच में मोहम्मद कामरान और अतीफ महमूद ने चार-चार विकेट लिए थे, जबकि लोर्न बर्न्स दो विकेट झटकने में सफल रहे थे। जवाब में स्पेन ने सिर्फ दो गेंदों पर लक्ष्य हासिल कर लिया था क्योंकि अवैस अहमद ने दो गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।