इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के क्रिकेट से संन्यास लेने की अटकलें लंबे समय से चल रही हैं और अब खबर आ रही है कि एंडरसन आगामी घरेलू सीजन के बाद टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। एंडरसन इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के भारत दौरे के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बने थे।
मैकुलम ने एंडरसन को दिया है संदेश
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एंडरसन को इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कोच ब्रेंडन मैकुलम ने बताया है कि वे ऑस्ट्रेलिया में 2025-26 एशेज सीरीज पर नजर रखते हुए भविष्य की ओर देख रहे हैं, जिसका मतलब है कि 41 साल के खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय करियर पूरा होने वाला है। इंग्लैंड इस साल घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट खेलने के लिए तैयार है और उनमें से एक मैच उनके घरेलू मैदान ओल्ड ट्रैफर्ड पर होगा। वह मैच दाएं हाथ के गेंदबाज के लिए आखिरी हो सकता है।
एंडरसन ने 2003 में शुरू किया था करियर
एंडरसन ने मई 2003 में शुरू हुए अपने करियर में इंग्लैंड के लिए 194 वनडे और 19 टी20 के साथ 187 टेस्ट खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में 700 विकेट के साथ सर्वकालिक सर्वाधिक विकेट लेने वालों की सूची में वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वार्न (708) और श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन (800) के बाद तीसरे स्थान पर हैं। एंडरसन टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने तेज गेंदबाज हैं। एंडरसन ने इस साल की शुरुआत में भारत में खेले गए पांच मैचों की सीरीज में हिस्सा लिया था। हालांकि, एंडरसन की ओर से फिलहाल संन्यास लेने के बारे में आधिकारिक रूप से कोई बयान सामने नहीं आया है।
एंडरसन 200 टेस्ट खेलने से 13 मैच दूर
भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैच खेलने का कारनाम किया था। एंडरसन हालांकि अब तक 187 टेस्ट खेल चुके हैं और वह 200 टेस्ट खेलने से 13 मैच दूर हैं। इंग्लैंड को इस साल घरेलू मैदान पर छह टेस्ट खेलने हैं और अगर एंडरसन इन सभी छह टेस्ट मैचों में खेले तब भी वह 193 मैच ही खेल सकेंगे।