सानिया मिर्जा और शोएब मलिक (बाएं) शोएब मलिक और सना जावेद (दाएं)
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा निजी जीवन में परेशानियों से गुजर रही हैं। शोएब मलिक की तीसरी शादी के बाद सानिया उनसे अलग हो चुकी हैं। इस बीच सानिया को पाकिस्तान में लोगों से जोरदार समर्थन मिल रहा है। उनके पूर्व पति शोएब मलिक ने पिछले हफ्ते खुलासा किया था कि उन्होंने अब टीवी अभिनेता और मॉडल सना जावेद से शादी कर ली है। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने अपनी-अपनी शादियां तोड़ने के लिए मलिक और सना की आलोचना की है। कई लोगों ने पाकिस्तानी क्रिकेटर से तलाक लेने के सानिया के फैसले का समर्थन किया है।
इस बीच समाचार चैनल समा टीवी पर एक पॉडकास्ट में दावा किया गया कि मलिक और सना के शादीशुदा होने के बावजूद दोनों के बीच पिछले तीन साल से अफेयर और अंतरंग संबंध थे।
पॉडकास्ट में कहा गया है कि जब सना ने मलिक से शादी करने से सिर्फ तीन महीने पहले ही अपने पूर्व पति उमैर जसवाल से तलाक लिया था। पॉडकास्ट में कहा गया है कि जब भी मलिक को चैनल पर किसी शो के लिए आमंत्रित किया जाता था, तो वह केवल इस शर्त पर आते थे कि सना को भी बुलाया जाना चाहिए।
पॉडकास्ट के एक निर्माता ने कहा, "उनका पिछले तीन साल से अफेयर चल रहा था और वे घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए थे। उमैर को इस बारे में पता नहीं था, लेकिन सानिया मिर्जा और उनके परिवार और यहां तक कि मलिक के परिवार को भी पिछले साल इसके बारे में पता चला। स्थिति को सुलझाने के प्रयास किए गए लेकिन मलिक ने किसी की नहीं सुनी।''
मलिक और सानिया की शादी 2010 में हैदराबाद (भारत) में बड़ी धूमधाम से हुई थी, जबकि सना और जसवाल 2020 में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधे थे। मलिक और सानिया अब अलग हो गए हैं, इसका खुलासा तब हुआ जब पूर्व क्रिकेटर और सना ने अपनी शादी की एक तस्वीर साझा की।