पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने मैच फिक्सिंग के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पूरे मामले पर सफाई दी है और लोगों से कहा है कि ऐसी बातों पर यकीन न करें। हाल ही में पाकिस्तानी अभिनेत्री से तीसरी शादी करने वाले मलिक पर बांग्लादेश प्रीमियर लीग के दौरान मैच फिक्सिंग के आरोप लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीपीएल में उनकी टीम ने उनके साथ कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया है और वह इस लीग में अब कोई भी मैच नहीं खेलते दिखेंगे। मलिक टूर्नामेंट बीच में छोड़कर दुबई लौट गए हैं।
शोएब बांग्लादेश प्रीमियर लीग में फॉर्च्यून बारिशल टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 22 जनवरी को मीरपुर में खुलना टाइगर्स के खिलाफ मुकाबले में लगातार तीन नो बॉल फेंकी थीं। इसके बाद वह सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे थे। यहां तक कि पाकिस्तानी फैंस ने भी उन्हें सोशल मीडिया पर भला बुरा कहा था। अब मलिक उसी मामले को लेकर बुरी तरह फंसते नजर आ रहे हैं।
मामला बांग्लादेश प्रीमियर लीग के दौरान फॉर्च्यून बरिशल के एक मैच के दौरान का है। इस टीम की कमान तमीम इकबाल के हाथों में है। टाइगर्स के खिलाफ मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए फॉर्च्यून ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 187 रन बनाए। मुशफिकुर रहीम ने 68 रन की पारी खेली। खुलना टाइगर्स की बल्लेबाजी के दौरान तमीम ने मलिक से गेंदबाजी करवाई। हालांकि, मलिक काफी महंगे साबित हुए। 41 साल के मलिक ने पारी का चौथा ओवर किया और लगातार तीन नो बॉल फेंकी। इस ओवर में मलिक ने 18 रन दिए। शुरुआती पांच बॉल पर मलिक ने सिर्फ छह रन दिए थे, लेकिन आखिरी गेंद पर 12 रन दे दिए। तब फैंस ने मैच फिक्सिंग के आरोप लगाकर जांच की मांग की थी। खुलना टाइगर्स ने यह मैच 18वें ओवर में दो विकेट रहते जीत लिया था।
मलिक ने सफाई में क्या कहा?
मलिक ने आधिकारिक बयान जारी कर लिखा "मैं फॉर्च्यून बरिशाल के साथ मेरे खेलने की स्थिति के बारे में चल रही हालिया अफवाहों को संबोधित और खारिज करना चाहूंगा। मैंने अपने कप्तान तमीम इकबाल के साथ गहन चर्चा की और हमने आपसी सहमति से आगे की रणनीति बनाई। मुझे दुबई में पूर्व-प्रतिबद्ध मीडिया कार्यक्रम के लिए बांग्लादेश छोड़ना पड़ा।
मैं फॉर्च्यून बरिशाल को उनके आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं देता हूं और अगर जरूरत पड़ी तो मैं उनका समर्थन करने के लिए उपलब्ध हूं। मुझे खेल खेलने में हमेशा आनंद मिलता रहा है और आगे भी मिलता रहेगा।
मैं अफवाहों के मामले में सावधानी बरतने के महत्व पर जोर देना चाहता हूं, खासकर हाल ही में प्रसारित होने वाली अफवाहों के बारे में। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं इन आधारहीन अफवाहों का दृढ़ता से खंडन करता हूं। किसी भी जानकारी पर विश्वास करने और उसे फैलाने से पहले उसे सत्यापित करना सभी के लिए महत्वपूर्ण है। झूठ प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकते हैं और अनावश्यक भ्रम पैदा कर सकते हैं। आइए सटीकता को प्राथमिकता दें और तथ्यों की स्पष्ट समझ सुनिश्चित करने के लिए विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें। आपकी समझ और परिश्रम के लिए धन्यवाद।
हमेशा की तरह आपके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।"