वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड को रविवार से शुरू होने वाले एसए 20 लीग के लिए चोटिल राशिद खान की जगह एमआई केपटाउन का कप्तान नियुक्त किया गया है। एमआई केपटाउन ने पहले अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद को अपना कप्तान नियुक्त किया था लेकिन वह चोट से नहीं उबर पाए हैं। इस फ्रेंचाइजी ने कहा, ‘राशिद खान अभी चोट से उबर रहे हैं और खेलने के लिए उपलब्ध नहीं हैं। एमआई केपटाउन उनके शीघ्र फिट होने की कामना करता है।’
राशिद खान को भारत के खिलाफ होने वाली टी 20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनके इसमें खेलने की संभावना नहीं है। इस बीच एमआई अमीरात ने वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज निकोलस पूरन को आईएलटी 20 के लिए अपना कप्तान नियुक्त किया।
राशिद खान ने वनडे विश्व कप के बाद अपनी सर्जरी कराई थी। इससे उबरने में उन्हें समय लगेगा। हालांकि, जल्द ही उनके मैदान में लौटने की संभावना है। राशिद अगर फिट भी हो जाते हैं तो मुंबई केपटाउन के साथ नहीं जुड़ पाएंगे। वह भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज के दौरान भारत में रहेंगे। यह सीरीज खत्म होने के बाद राशिध अपने फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ सकते हैं। हालांकि, लीग के अंत में वह अहम मुकाबलों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं।