भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को देश में घरेलू क्रिकेट के लिए नया शेड्यूल जारी किया है। इसके मुताबिक रणजी ट्रॉफी अगले साल पांच जनवरी से खेली जाएगी, जो 20 मार्च तक चलेगी। बीसीसीआई ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए राज्य इकाई को सूचित कर दिया है। पहले के शेड्यूल के मुताबिक, यह टूर्नामेंट 16 नवंबर 2021 से 19 फरवरी 2022 तक खेला जाने वाला था।
27 अक्तूबर से सैयद मश्ताक अली ट्रॉफी
वहीं, सैयद मश्ताक अली ट्रॉफी के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। यह टूर्नामेंट 27 अक्तूबर से खेला जाएगा। पहले के शेड्यूल के मुताबिक, यह टूर्नामेंट 20 अक्तूबर से 12 नवंबर तक होने वाला था। वहीं, विजय हजारे ट्रॉफी की शुरुआत एक दिसंबर से होगी जो 29 दिसंबर तक चलेगी। वहीं, सीनियर महिला एक दिवसीय लीग की शुरुआत 20 अक्तूबर से होगी जो 20 नवंबर तक चलेगी।
सीजन की शुरुआत 20 सितंबर से
बता दें कि सीजन की शुरुआत महिला और पुरुषों की अंडर-19 एक दिवसीय (वीनू मांकड) के साथ 20 सितंबर से शुरू होगी। इसके बाद महिला और पुरुष दोनों के लिए क्रमश: 25 और 26 अक्तूबर को अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी आयोजित होगी। अंडर-25 (राज्य ए) वनडे नौ नवंबर से 10 दिसंबर तक जबकि सीके नायडू ट्रॉफी छह जनवरी से शुरू होगी।
38 टीमों को छह ग्रुप में विभाजित किया जाएगा
सीनियर पुरुष टूर्नामेंट (रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) के लिए 38 टीमों को छह ग्रुप में विभाजित किया जाएगा। छह-छह टीमों के पांच एलीट ग्रुप होंगे और आठ टीमों का एक प्लेट ग्रुप होगा। अंडर-25 स्तर के लिए छह छह टीमों के पांच एलीट ग्रुप होंगे जबकि सात टीमों का एक प्लेट ग्रुप होगा।