भारतीय सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने आईपीएल 2021 की समाप्ति के बाद खुद को एक शानदार गिफ्ट सौंपी है। 21 वर्षीय युवा बल्लेबाज ने रविवार को अपने नए कार की तस्वीर साझा करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नई बीएमडब्ल्यू कार की तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने अपने दिल की बात भी की।
अपने पिता पंकज शॉ के साथ पृथ्वी ने नई कार की तस्वीर साझा की और कैप्शन में लिखा, 'नीचे से शुरू करते हुए हम आज यहां।'
पृथ्वी का करियर हालांकि अभी छोटा है, लेकिन इस दौरान उन्होंने कई उपलब्धियां अपने नाम की हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान भी बना ली है। शॉ का आक्रामक अंदाज और तेजी से रन बनाने की क्षमता ने उन्हें भारतीय टीम में जगह बनाने में मदद की। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कठिन परिस्थितियों से निकलकर अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ी। शॉ की कप्तानी में भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया।
शॉ पहले और इकलौते बल्लेबाज हैं जिन्होंने रणजी, दलीप ट्रॉफी और टेस्ट डेब्यू में शतक जमाया है। हालांकि इसके बाद उन्हें कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा लेकिन उन्होंने जोरदार वापसी की। उन्होंने हाल ही में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से शानदार बल्लेबाजी की और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।