भारत और पाकिस्तान के बीच कुछ महीने बाद क्रिकेट का महामुकाबला होने वाला है। दोनों चिर प्रतिद्वंदी टीमें लंबे समय बाद टी-20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। मैच में हालांकि अभी काफी समय बाकी है लेकिन दोनों तरफ इसे लेकर चर्चा हो रही है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने मैच से पहले बयान दिया है। बाबर के मुताबिक टी-20 वर्ल्ड कप में जब दोनों टीमें टकराएंगी तब भारत के ऊपर दबाव होगा।
बाबर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के होने वाले चेयरमैन रमीज राजा से मुलाकात के बाद कहा, 'मुझे लगता है कि पाकिस्तान की तुलना में भारत अधिक दबाव में होगा। हम भारत को हराकर अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगे।'
बता दें कि दोनों टीमें दुबई में 24 अक्तूबर को ग्रुप स्टेज के पहले मुकाबले में भिड़ेंगी। दोनों टीमों के बीच 2019 वर्ल्ड कप के बाद से कोई भी मैच नहीं खेला गया।
बात करें आंकड़ों की तो विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी रहा है। भारतीय टीम आज तक पाकिस्तान से एक भी मुकाबला नहीं हारी है। हालांकि बाबर ने कहा कि यूएई में खेलना पाकिस्तान में अपने घर पर खेलने जैसा है। यह अपने घरेलू मैदान पर खेलना जैसा है और हम यहां अपना शत प्रतिशत देना चाहेंगे।