ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिन गेंदबाज नाथन ल्योन भारत में टेस्ट सीरीज जीत में अहम योगदान चाहते हैं। ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ पिछली तीन टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इसमें दो हार उसे अपनी जमीन पर झेलनी पड़ी है। ऑस्ट्रेलिया को इसी साल अक्तूबर में भारत का दौरा भी करना था लेकिन कोविड-19 की वजह से ऐसा नहीं हो पाया।
ल्योन को उम्मीद है कि उन्हें 2023 में भारत दौरे पर मौका मिलेगा और वह इसमें अपना योगदान दे पाएंगे। ल्योन ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से बातचीत में कहा, 'मेरा सबसे बड़ा सपना है भारत में टेस्ट सीरीज जीतने वाली ऑस्ट्रलियाई टीम का हिस्सा होना।'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि मैं उसमें बड़ी भूमिका निभा सकता हूं और वह मेरा सबसे बड़ा सपना है।'
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच अगले महीने से एशेज श्रृंखला होने वाली है और यह ल्योन के लिए इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी सीरीज हो सकती है। हालांकि खुद ल्योन के अनुसार वह अभी भी भूखे हैं और 2025 में भी खेल सकते हैं।
ल्योन 400 टेस्ट विकेट के मुहाने पर खड़े हैं और जल्दी ही इस हासिल कर सकते हैं। वह कहते हैं कि मुझे लगता है कि मेरे पास देने के लिए अभी बहुत कुछ है और मैं इतनी जल्दी रुकने वाला नहीं हूं।