वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग अब कमेंट्री करते दिखाई नहीं देंगे। दरअसल, उन्होंने बुधवार को क्रिकेट कमेंट्री से संन्यास लेने का एलान कर दिया। बता दें कि 67 वर्षीय होल्डिंग पिछले 20 साल से स्काय स्पोर्ट्स की कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे। बढ़ती उम्र और क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल को देखते हुए उन्होंने 2021 के अंत में कमेंट्री से संन्यास लेने की घोषणा की है। होल्डिंग अब 2021 के बाद कमेंट्री नहीं करेंगे।
मैं 66 साल का हूं, कोई 36, 46 या 56 साल का नहीं
उन्होंने पिछले साल एक रेडियो शो में कहा था, 'मैं 66 साल का हूं, कोई 36, 46 या 56 साल का नहीं हूं। मुझे नहीं पता कि साल 2020 के बाद मैं कितनी कमेंट्री करूंगा। मैं खुद को इसमें ज्यादा दूर तक जाता नहीं देखता। मैं स्काई से कहा था कि मैं एक बार में एक साल से ज्यादा का कमिटमेंट नहीं कर सकता। अगर ये साल पूरी तरह से बर्बाद होता है तो मैं 2021 के बारे में सोच सकता हूं क्योंकि मैं बस यूं ही स्काई से नहीं भाग सकता, इस कंपनी ने मेरे लिए बहुत कुछ किया है।' बता दें कि माइकल ने साल 1991 से कमेंट्री करना शुरू किया था।
1987 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
बता दें कि माइकल होल्डिंग ने वेस्टइंडीज के लिए 60 टेस्ट (1975–87) और 102 वन-डे (1976–87) अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। माइकल ने टेस्ट में 249 और वन-डे में 142 विकेट चटकाए हैं। साल 1987 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद कमेंट्री के क्षेत्र में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की थी।