आईसीसी टी-20 विश्व कप 2021 के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के मेंटोर रहे एमएस धोनी अपने गृह नगर रांची लौट आए हैं। संयुक्त अरब अमीरात और ओमान में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रदर्शन खराब रहा और टीम इंडिया सेमीफाइनल में भी जगह नहीं बना पाई। भारत के पू्र्व कप्तान एमएस धोनी को मंगलवार को रांची एयरपोर्ट पर देखा गया। वह यूएई में दो महीने से ज्यादा वक्त बिताकर भारत लौटे हैं। इस दौरान उन्होंने आईपीएल में भाग लेने के अलावा टी-20 विश्व कप में टीम इंडिया के मेंटोर की भूमिका भी निभाई।
सीएसके को पार्टी का इंतजार
इंडियन प्रीमियर लीग 2021 का खिताब जीतने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स को पार्टी का इंतजार है। बीते महीने सीएसके के सीईओ कासी विश्वनाथन ने कहा था कि एमएस धोनी के भारत लौटने के बाद ही चौथी बार आईपीएल खिताब जीतने का जश्न मनाया जाएगा। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा था, हम कप्तान के भारत लौटने का इंतजार करेंगे, हम उनके लौटे का इंतजार खुशी से करेंगे, क्योंकि धोनी के बिना कोई सेलिब्रेशन नहीं हो सकता।
आईपीएल 2022 में खेलेंगे धोनी
इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि एमएस धोनी साल 2021 आईपीएल में सीएसके के लिए खेलते नजर आएंगे। इसकी तरफ धोनी ने खुद इशारा किया था। वहीं सीएसके मैनेंजमेंट की तरफ से भी कहा गया था कि वह एक और सीजन सीएसके के साथ रहने वाले हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, यह सच्चाई है कि रिटेंशन होगा, कितने कितने खिलाड़ियों को रिटेन किया जाएगा इसके बारे में हम नहीं जानते हैं, जहां तक एमएस धोनी की बात है तो उनके लिए यह तय है कि पहले कार्ड का इस्तेमाल उनके लिए किया जाएगा, क्योंकि सीएसके को उनकी कप्तानी जरूरत है और वह अगले साल वापस आएंगे।
आज जयपुर पहुंचेगी टीम इंडिया
आईसीसी टी-20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद आज भारतीय टीम जयपुर पहुंचेगी। यहां आने के बाद टीम के खिलाड़ी तीन दिन तक होटल में क्वारंटीन रहेंगे। उसके बाद 14 से 16 नवंबर तक भारतीय खिलाड़ी सवाई मानसिंह स्टेडियम में अभ्यास करेंगे। वहीं, 17 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला जयपुर में ही खेला जाएगा। जबकि, टी-20 विश्व कप के बाद न्यूजीलैंड की टीम सीधे जयपुर पहुंचेगी। जहां वह क्वारंटीन पीरियड पूरा करने के बाद टीम इंडिया के विरुद्ध अपना पहला मुकाबला खेलेगी।