राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रविवार को मैच के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह ने चेन्नई के चेपॉक में लैप ऑफ ऑनर लिया। उन्होंने साथी खिलाड़ियों के साथ स्टेडियम के चक्कर लगाए और टीम को हमेशा समर्थन देने के लिए फैंस का आभार जताया था। इतना ही नहीं 'थाला' धोनी से मिलने 'चिन्ना थाला' सुरेश रैना भी पहुंचे थे जिससे यह कयास लगाए जाने लगे कि क्या धोनी चेपॉक पर अपना अंतिम मुकाबला खेल चुके हैं। हालांकि रैना ने इस मामले में चुप्पी तोड़ी और कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है।
राजस्थान को हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें रखी कायम
आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच चेपॉक स्टेडियम में मुकाबला खेला गया था। इस मैच में सीएसके ने आरआर को पांच विकेट से शिकस्त दी थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 141 रन बनाए थे। जवाब में चेन्नई ने 18.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। यह चेन्नई का इस सीजन का आखिरी होम मैच था। टीम ने अब तक 13 मुकाबलों में से सात जीते हैं और उसके 14 अंक हैं। टीम ने छह मैच हारे भी हैं। अंक तालिका में ऋतुराज गायकवाड़ की टीम तीसरे स्थान पर है। सीएसके को अब एक और मैच खेलना है, जो कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होगा। ऐसे में सीएसके को प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के लिए उस मैच को जीतना ही होगा। अगर ऐसा नहीं होता है तो टीम को अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा।
रैना ने अटकलों पर लगाया विराम
चेन्नई की टीम अगर फाइनल में पहुंचने में सफल रही तो टीम को एक बार फिर अपने घरेलू मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा। चेन्नई गत चैंपियन टीम है इसलिए इस सीजन का खिताबी मुकाबला चेपॉक पर रखा गया। अगर ऐसा हुआ तो धोनी एक फिर चेपॉक पर खेलने उतरेंगे। रैना से कमेंटेटर अभिनव मुकुंद ने जब पूछा कि क्या यह धोनी का आखिरी मैच है? इस पर रैना ने कहा, नहीं बिलकुल नहीं।