अब केकेआर की टीम क्वालीफायर-2 में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। यह मैच 13 अक्तूबर को खेला जाएगा। क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम का 15 अक्तूबर को चेन्नई सुपर किंग्स से दुबई में खिताबी मुकाबले में भिड़ंत होगा।
आईपीएल 2021 के एलिमिनेटर मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ विराट के चैलेंजर्स का इस आईपीएल में सफर खत्म हो गया है। बतौर कप्तान यह कोहली का आखिरी आईपीएल था। हालांकि, वह आरसीबी से खेलना जारी रखेंगे।
विज्ञापन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 138 रन बनाए। कप्तान कोहली ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। जवाब में कोलकाता ने 19.4 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाकर मैच जीत लिया। कोलकाता के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए।
कोलकाता का सामना दिल्ली से
अब केकेआर की टीम क्वालीफायर-2 में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी। यह मैच 13 अक्तूबर को खेला जाएगा। क्वालीफायर-2 जीतने वाली टीम का 15 अक्तूबर को चेन्नई सुपर किंग्स से दुबई में खिताबी मुकाबले में भिड़ंत होगा।
बैंगलोर की शुरुआत अच्छी रही
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलोर की शुरुआत अच्छी रही। विराट और देवदत्त पडिक्कल ने पहले विकेट के लिए 49 रन की पार्टनरशिप की। पडिक्कल 21 रन बनाकर लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद पिछले मैच के हीरो रहे श्रीकर भरत नौ रन बनाकर नरेन की गेंद पर आउट हो गए। ग्लेन मैक्सवेल भी कुछ खास नहीं कर सके और 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें नरेन ने फर्ग्यूसन के हाथों कैच कराया।
डीविलियर्स खराब फॉर्म से जूझ रहे
खराब फॉर्म में चल रहे एबी डीविलियर्स 11 रन बनाकर नरेन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। कोहली भी 39 रन बनाकर नरेन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। बतौर कप्तान अपनी आखिरी पारी में कोहली ने पांच चौके लगाए। इसके बाद शाहबाज अहमद (13), डैनियल क्रिश्चियन (9) भी सस्ते में निपट गए। हर्षल पटेल आठ रन बनाकर और गार्टन शून्य पर नाबाद रहे। केकेआर के लिए सुनील नरेन ने चार और फर्ग्यूसन ने दो विकेट लिए।
हर्षल ने केकेआर को दो झटके दिए
139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता टीम की शुरुआत भी ठीक ठाक रही। शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर के बीच पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी हुई। गिल 29 रन बनाकर हर्षल पटेल की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद युजवेंद्र चहल ने राहुल त्रिपाठी को छह रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्लू किया। वेंकटेश भी 26 रन बनाकर हर्षल की गेंद पर पवेलियन चलते बने। इस तरह हर्षल ने एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट (32) लेने के ड्वेन ब्रावो के रिकॉर्ड की बराबरी की।
मॉर्गन और शाकिब ने टीम को जीत दिलाई
इसके बाद नीतीश राणा और सुनील नरेन ने पारी संभाली और चौथे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी निभाई। नीतीश 23 रन बनाकर चहल की गेंद पर आउट हुए। वहीं, नरेन (26) को सिराज ने क्लीन बोल्ड किया। दिनेश कार्तिक 10 रन बनाकर सिराज की गेंद पर श्रीकर भरत को कैच थमा बैठे। इयोन मॉर्गन और शाकिब अल हसन ने मिलकर टीम को जीत दिलाई। मॉर्गन पांच रन और शाकिब नौ रन बनाकर नाबाद रहे। बैंगलोर की ओर से सिराज, हर्षल और चहल ने दो-दो विकेट लिए।