हार्दिक पांड्या के लिए आईपीएल का 17वां सीजन अब तक कुछ खास नहीं रहा है। गुजरात और हैदराबाद के खिलाफ खेले गए दोनों मैचों में मुंबई इंडियंस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इस वजह से हार्दिक के प्रति फैंस के बीच नाराजगी है। उन्हें कई बार हूटिंग का भी सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से दावा किया जा रहा है कि एक अप्रैल को मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान मैच में हूटिंग करने वालों के खिलाफ मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) सख्त कार्रवाई करेगा। हालांकि, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। एमसीए ने इसको लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए इसका खंडन किया है।
आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी में बड़ा बदलाव देखने को मिला। टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी। इससे काफी फैंस नाखुश हैं। यही वजह है कि गुजरात के इस खिलाड़ी को ट्रोलर्स का सामना करना पड़ रहा है। रोहित के फैंस हार्दिक को सोशल मीडिया पर निशाने पर ले रहे हैं। यहां तक कि अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच हुए मैच के दौरान हार्दिक को हूटिंग का भी सामना करना पड़ा था।
एमसीए ने लगाया अफवाहों पर विराम
इस बीच मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने स्पष्ट कर दिया है कि वानखेड़े में मैच के दौरान किसी खिलाड़ी को सपोर्ट करने या उसके खिलाफ हूटिंग करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। एमसीए ने कहा, "ऐसी अफवाहें हैं कि एमसीए ने उन लोगों के खिलाफ सुरक्षा के निर्देश दिए हैं जो रोहित का समर्थन करते हैं या हार्दिक की आलोचना करते हैं, यह गलत और आधारहीन अफवाहें हैं, कोई निर्देश नहीं दिए गए हैं।"
हार्दिक नहीं दिला पाए मुंबई को पहली जीत
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की शुरुआत आईपीएल 2024 सीजन में अच्छी नहीं हुई है। गुजरात टाइंटस के खिलाफ पहला मुकाबला हारने के बाद टीम को बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद से भी हार का सामना करना पड़ा। हैदराबाद ने मुंबई के खिलाफ आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर डाला।