गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में पांच विकेट लेकर लखनऊ सुपरजाएंट्स की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल की जमकर सराहना की। यश अपने ऊपर जताए गए भरोसे से काफी खुश हुए और टीम की जीत के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करने से खुद को नहीं रोक सके। यश की बदौलत ही टीम 164 रनों के लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव कर सकी थी।
यश ने खुशी के मारे मोर्कल को लगाया गले
यश ने बताया कि गेंदबाजी कोच मोर्कल ने उनसे कहा था कि उनके पास चमक बिखेरने का मौका है क्योंकि टीम के तेज गेंदबाज मयंक यादव चोट के कारण सिर्फ एक ओवर ही डाल सके थे और मैदान से बाहर चले गए थे। उन्होंने कहा, 'सर ने मुझे कहा था कि उनके लिए मैं आज के मैच का हीरो हूं। मुझे गर्व हो रहा हा कि मोर्कल सर ने मेरे ऊपर भरोसा किया। मुझे बहुत खुशी हो रही है।' यश जब यह बातें बोल रहे थे तो मोर्कल उनके पीछे ही खड़े थे, जैसे ही यश ने मोर्कल को देखा वह खुशी के मारे उनके गले लग गए।
कप्तान राहुल ने भी किया यश का समर्थन
यश ने साथ ही बताया कि कप्तान केएल राहुल ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी देते हुए उन्हें प्रेरित किया था। उन्होंने कहा, मयंक के मैदान से जाने के बाद केएल भाई ने मुझसे कहा कि ये आपका दिन हो सकता है और आप हमें मैच जीता सकते हैं। ज्यादा मत सोचो और बस अपने आप पर भरोसा रखो। हमें सिर्फ उस बात पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए जो हमारे कंट्रोल में है, उस पर ज्यादा समय नहीं बिताना चाहिए जो हमें नियंत्रण में नहीं है।
लखनऊ के लिए दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
यश का यह प्रदर्शन लखनऊ के लिए किसी गेंदबाज द्वारा किया गया ये दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनसे पहले यह कारनामा मार्क वुड ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2023 के मैच में किया था। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर मोहसिन खान चार विकेट के साथ मौजूद हैं। वहीं, इतने ही विकेटों के साथ चौथे नंबर पर आवेश खान मौजूद हैं।