आईपीएल के 15वें सीजन से पहले खिलाड़ियों की नीलामी 12 और 13 फरवरी को हो चुकी है। अब टूर्नामेंट के आयोजन की बारी है। माना जा रहा है कि आईपीएल का आयोजन 27 मार्च से 28 मई तक होगा। बीसीसीआई इसका आयोजन हर हाल में भारत में ही कराना चाह रहा है। बोर्ड छह मैदानों पर मैच कराने के बारे में विचार कर रहा है। मुंबई, पुणे और अहमदाबाद में आईपीएल के मुकाबले हो सकते हैं।
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, बीसीसीआई ने 70 मैचों के लीग चरण के लिए महाराष्ट्र में पांच स्थानों को शॉर्टलिस्ट किया है। फाइनल सहित प्लेऑफ के सभी मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा सकते हैं। कोविड-19 के कारण बोर्ड खिलाड़ियों को एयरपोर्ट से दूर रखना चाहता है। बीसीसीआई ने नीलामी के दौरान सभी फ्रेंचाइजियों से इस बारे में चर्चा की थी।
मुंबई-पुणे में चार आजमाए हुए मैदानों के अलावा पिचों को ताजा बनाए रखने की आवश्यकता को देखते हुए बीसीसीआई ने नवी मुंबई स्थित जियो स्टेडियम को पहले के चार स्थानों में जोड़ा है। जियो स्टेडियम से पहले मुंबई के तीन मैदानों पर आईपीएल के मैच होने थे। इनमें वानखेड़े स्टेडियम, ब्रेबोर्न स्टेडियम और डीवाई पाटिल स्टेडियम है। वहीं, पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम को भी शॉर्ट लिस्ट किया गया था।
रिलायंस कॉरपोरेट पार्क में विकसित यह स्टेडियम मुंबई इंडियंस के लिए प्रशिक्षण केंद्र रहा है। यहां मैच आयोजन कराने के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। आईपीएल अधिकारी अगले सप्ताह इस स्टेडियम का निरीक्षण करने जा सकते हैं। ब्रॉडकास्ट टीम की मंजूरी के आधार पर बीसीसीआई इस महीने के अंत तक आईपीएल के मैचों का शेड्यूल जारी कर सकता है।
पिछले महीने बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा था कि आईपीएल का 15वां सीजन मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू होगा। जय शाह ने यह भी कहा था कि टूर्नामेंट मई के अंत तक चलेगा। अधिकांश टीम मालिकों ने इस बात पर सहमति जताई है कि टूर्नामेंट का आयोजन भारत में ही हो।