श्रीलंका दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम मुंबई पहुंच चुकी है। कोलंबो के लिए उड़ान भरने से पहले शिखर धवन की अगुआई वाली इस टीम को 28 जून तक क्वारंटीन में रहना होगा। इस दौरान टीम को छह आरटी-पीसीआर टेस्ट से गुजरना होगा। कोलंबो पहुंचने के बाद टीम इंडिया होटल में तीन दिन तक पृथकवास में रहेगी और फिर ट्रेनिंग करेगी। बीसीसीआई ने मंगलवार को ट्वीट किया, 'श्रीलंका दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ी मुंबई में इकट्ठा हो चुके हैं। टीम में कुछ नए चेहरों को देखकर अच्छा लगा।' बीसीसीआई ने अपने इस ट्वीट में कुछ खिलाड़ियों की तस्वीरें भी साझा की हैं। इस तस्वीर में कप्तान शिखर धवन, क्रुणाल पांड्या सहित कई अन्य खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
बता दें कि बीसीसीआई ने 10 जून को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान किया था। इस टीम में कई नए चेहरों को चुना गया। श्रृंखला दौरे के लिए पांच खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया, जिसमें के गौतम, देवदत्त पडीक्कल, नीतिश राणा, ऋतुराज गायकवाड़ और चेतन सकारिया शामिल हैं। टीम की कमान शिखर धवन को सौंपी गई, जबकि भुवनेश्वर कुमार को उपकप्तान बनाया गया। भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर 13 जुलाई से तीन वन-डे और इतने ही टी-20 मैच खेलेगी। सभी मुकाबले कोलंबो में खेल जाएंगे। वहीं, मंगलवार को बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह ने पुष्टि की थी कि राहुल द्रविड़ जुलाई में श्रीलंका दौरे पर सीमित ओवरों की टीम के कोच होंगे।
भारतीय टीम इस प्रकार है:
शिखर धवन (कप्तान), पृथ्वी शॉ, देवदत्त पडीक्कल, रुतुराज गायकवाड़, सूर्यकुमार यादव, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, नितीश राणा, इशान किशन, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल, राहुल चाहर, कृष्णप्पा गौतम, क्रुणाल पांड्या, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, भुवनेश्वर कुमार, नवदीप सैनी, दीपक चाहर, चेतन सकारिया।