भारतीय टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल टी20 विश्व कप खत्म होने के साथ ही पूरा हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसके लिए आवेदन मंगाए थे और खुद सचिव जय शाह ने कहा था कि कोच पद के लिए दो उम्मीदवारों के साक्षात्कार लिए गए हैं। हालांकि, टीम का अगला मुख्य कोच कौन होगा, इसकी घोषणा अब तक नहीं की गई है। माना जा रहा है कि पूर्व बल्लेबाज गौतम गंभीर इस दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं।
द्रविड़ का कार्यकाल खत्म होने के बाद भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के नेतृत्व में गई है। भारत को इसके बाद श्रीलंका का दौरा करना है और माना जा रहा है इससे पहले टीम को नया मुख्य कोच मिल जाएगा। हालांकि, कोच की घोषणा करने में देरी हो रही है और टीम को अब तक कोच नहीं मिल सका है। ऐसे में यह सवाल उठने लगे हैं कि भारतीय टीम को अगल कोच कब तक मिलेगा?
वेतन को लेकर फंस रहा मामला
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर और बीसीसीआई के बीच वेतन को लेकर मामला फंसा हुआ है जिस कारण अब तक कोच की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। द्रविड़ के अलावा बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़, गेंदबाजी कोच पारस म्हांब्रे और फील्डिंग कोच टी. दिलीप का कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। गंभीर के नाम की आधिकारिक घोषणा के बाद बोर्ड को अन्य कोचिंग स्टाफ की नियुक्ति पर भी फैसला करना है। यह भी खबर है कि बीसीसीआई ने गंभीर को सहायक स्टाफ चुनने के लिए खुली छूट दी है। यह भी माना जा रहा है कि बल्लेबाजी कोच की नियुक्ति ना हो क्योंकि गंभीर खुद अपने खेल के दिनों में शीर्ष स्तर के सलामी बल्लेबाज थे।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कुछ दिनों पहले कहा था, 'कोच और चयनकर्ता की नियुक्ति जल्द होगी। सीएससी ने साक्षात्कार लेने के बाद दो उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं और जो निर्णय होगा उस पर हम मुंबई पहुंचने के बाद आगे बढ़ेंगे। नया कोच श्रीलंका सीरीज से पहले टीम से जुड़ेंगा।' भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज की शुरुआत 27 जुलाई से होगी।