भारतीय टीम के नवनियुक्त गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से काफी प्रभावित हुए हैं। जडेजा ने बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान लाल गेंद के प्रारूप में 300 विकेट और 3000 रन पूरा करने खिलाड़ी बने थे। जडेजा सबसे तेजी से यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने थे। जडेजा ने 74 टेस्ट में ऐसा किया जो इंग्लैंड के इयान बॉथम से दो टेस्ट ज्यादा हैं। जडेजा की तारीफ करते हुए मोर्कल ने उन्हें संपूर्ण खिलाड़ी बताया है।
'300 विकेट पूरे करना विशेष'
मोर्कल ने कहा, मेरे लिए जडेजा एक संपूर्ण पैकेज हैं। आप जानते हैं, वह बल्लेबाजी करता है, वह गेंदबाजी करता है, वह मैदान पर ऐसा खिलाड़ी है जो जादू कर सकता है। जडेजा ऐसा खिलाड़ी है जिसे आप हमेशा अपनी टीम में रखना चाहेंगे। वह पिछले कई वर्षों से भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। 300 विकेट पूरा करने के क्लब में शामिल होना विशेष है। वह कभी मेहनत करने से पीछे नहीं हटता है और आप किसी खिलाड़ी में यही देखना चाहते हैं।
जडेजा-अश्विन की जोड़ी ने दिखाया है दम
जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी पिछले कुछ वर्षों में विपक्षी टीमों के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसने में काफी हद तक सफल रही है। इन दोनों ने बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने का मौका नहीं दिया है। बांग्लादेश के खिलाफ अश्विन और जडेजा की जोड़ी ने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावित किया था और टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।
मोर्कल ने कहा, अश्विन और जडेजा ऐसे हैं जो आपको कोई कमजोर गेंद नहीं देते। आपको हमेशा रन बनाने के तरीके खोजने होंगे। दोनों गेंदबाज अगर एक साथ गेंदबाजी करते है तो बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उनकी गेंदबाजी की साझेदारी काफी सफल रही है। मैच के दौरान समय और खेल का दिन बर्बाद होना कभी अच्छा नहीं होता है। मैं जानता था कि होटल में बैठना इन खिलाड़ियों के लिए बहुत निराशाजनक था। मेरे लिए यह देखना काफी प्रभावशाली था कि हमारे खिलाड़ी मैदान पर उतरने के साथ जिम से जुड़े अपने काम कर रहे थे, अपने फिटनेस की देखभाल कर रहे थे।
भारत ने चौथे दिन बांग्लादेश की पहली 233 रन पर समेटने के बाद अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 285 रन पर घोषित की थी और 52 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। भारत ने इस दौरान आक्रमक बल्लेबाजी की और तेजी से रन जुटाए। मोर्कल को भारतीय बल्लेबाजों के अति आक्रामक रवैये को देखकर कोई हैरानी नहीं हुई। उन्होंने कहा, जिस तरह से हमारे खिलाड़ियों ने प्रदर्शन किया वह देखना शानदार था। हमने पहले गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाया और विकेट चटकाए और फिर बल्लेबाजी में इस तरह का जज्बा दिखाना शानदार रहा। दिन की शुरुआत में यही हमारी योजना थी। हम परखना चाहते थे कि खुद को किस स्थिति तक पहुंचा सकते है और किस तरह से इस मैच को अपने पक्ष में कर सकते हैं।