सूर्या ने दी पहली प्रतिक्रिया
भारतीय टीम इस दौरे पर सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टी20 सीरीज खेलती नजर आएगी। गुरुवार को टीम की घोषणा से पहले माना जा रहा था कि हार्दिक पांड्या को टी20 टीम की अगुवाई का जिम्मा सौंपा जा सकता है। हालांकि, मुख्य कोच गौतम गंभीर और चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने टी20 क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज को तरजीह दी है। बोर्ड के इस निर्णय के बाद अब स्टार क्रिकेटर ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस को धन्यवाद दिया। सूर्या ने लिखा, "आपसे मिले प्यार, समर्थन और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। पिछले कुछ सप्ताह किसी सपने से कम नहीं रहे और मैं वास्तव में इसके लिए आभारी हूं। देश के लिए खेलना सबसे खास अहसास है जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर पाऊंगा। यह नई भूमिका अपने साथ ढेर सारी जिम्मेदारी, उत्साह और जोश लेकर आई है। मुझे उम्मीद है कि आगे भी आपका समर्थन और आशीर्वाद मिलता रहेगा। सारी प्रसिद्धि ईश्वर तक पहुंचती है, ईश्वर महान हैं।"
सूर्या की पत्नी ने भी दिया खास मैसेज
वहीं, सूर्या की पत्नी ने भी पति की तस्वीर साझा की और उनकी तारीफ की। देविशा ने लिखा, "जब आपने भारत के लिए खेलना शुरू किया था, तो हमने कभी नहीं सोचा था कि यह दिन आएगा! लेकिन भगवान महान है और हर किसी को अपनी मेहनत और लगन का फल समय पर मिलता है। आप पर बहुत गर्व है और आप कितनी दूर तक आ गए हैं, लेकिन यह आपकी अपनी विरासत की शुरुआत है। अभी बहुत लंबा रास्ता तय करना है।"