फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SCO: भारत 81 गेंद रहते 8 विकेट से जीता, नेट रन रेट में अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ा

Fri, 05 Nov 2021 11:31 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

सार

भारत को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के नेट रन रेट से ऊपर जाने के लिए 43 गेंदों पर मैच जीतने की जरूरत थी, लेकिन रोहित और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले पांच ओवर में 70 रन जोड़े। इसके बाद विराट सूर्यकुमार ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद अब भी बरकरार है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने सुपर-12 के अपने चौथे मैच में स्कॉटलैंड को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-2 में अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब सभी भारतीय फैंस की नजरें अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सात नवंबर को होने वाले मैच पर टिकी होंगी। इसके बाद भारत को अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला नामीबिया के खिलाफ आठ नवंबर को खेलना है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को बर्थडे के दिन जीत का तोहफा मिला है। शुक्रवार को वह 33 साल के हो गए।
विज्ञापन


स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच में भारत के लिए सबकुछ अच्छा हुआ। बर्थडे के दिन विराट का साथ सिक्के ने भी दिया। उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी शानदार रही। रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने मिलकर स्कॉटलैंड को 85 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो और रविचंद्रन अश्विन को एक विकेट मिला। 

भारत को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के नेट रन रेट से ऊपर जाने के लिए 43 गेंदों पर मैच जीतने की जरूरत थी, लेकिन रोहित और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले पांच ओवर में 70 रन जोड़े। इसके बाद विराट सूर्यकुमार ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी भारत ने 81 गेंद रहते दो विकेट के नुकसान पर मुकाबला जीता। केएल राहुल ने 18 गेंदों पर पचास लगाया। यह इस टी-20 विश्व कप का सबसे तेज अर्धशतक है। वहीं, ओवरऑल टी-20 विश्व कप का चौथा सबसे तेज अर्धशतक है।
विज्ञापन


राहुल ने इस विश्व कप की सबसे तेज फिफ्टी लगाई
रोहित शर्मा के रूप में टीम इंडिया को पहला झटका लगा। वे 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। उन्हें व्हील ने एलबीडब्लू किया। इसके बाद राहुल ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए और 19 गेंदों पर 50 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उन्होंने छह चौके और तीन छक्के लगाए। राहुल को वाट ने मैकलॉयड के हाथों कैच कराया। इसके बाद विराट दो रन और सूर्यकुमार यादव छह रन बनाकर नाबाद रहे। 

मैच में बने रिकॉर्ड्स
  • लक्ष्य का पीछा करते हुए टी-20 में भारत की यह सबसे बड़ी जीत रही। इस मामले में भारत ने पांच साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। 2016 में भारत ने यूएई को मीरपुर में 59 गेंद शेष रहते हराया था।
  • टी-20 विश्व कप में सभी टीमों को मिलाकर गेंद शेष रहते यह तीसरी सबसे बड़ी जीत रही। श्रीलंका के नाम यह रिकॉर्ड है। उन्होंने 2014 में नीदरलैंड्स को 90 गेंद शेष रहते हराया था। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया है। उन्होंने 2021 में बांग्लादेश को 82 गेंद शेष रहते हराया था।
  • केएल राहुल ने 18 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। यह टी-20 विश्व कप का चौथा सबसे तेज अर्धशतक रहा। उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 14वां अर्धशतक भी था।
  • तीन विकेट लेने वाले रवींद्र जडेजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए। यह टी-20 में उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रही।
विज्ञापन

अब क्या है सेमीफाइनल में पहुंचने का समीकरण?

अंक तालिका - फोटो : अमर उजाला
इस जीत के साथ टीम इंडिया का रन रेट +1.619 हो गया है। लगातार दो जीत के साथ टीम इंडिया के चार मैचों के बाद चार अंक हो गए हैं और अंक तालिका में टीम तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। नेट रन रेट के मामले में भारत ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड तीनों को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, पाकिस्तान चार मैचों में आठ अंक और +1.065 नेट रन रेट के साथ टॉप पर है। न्यूजीलैंड रन रेट के मामले में पीछे है, लेकिन अंक के मामले में भारत से आगे है। कीवी टीम के चार मैचों के बाद छह अंक हैं। उसका नेट रन रेट +1.277 है। वहीं, भारत तीसरे स्थान पर है। अफगानिस्तान +1.481 के नेट रन रेट और चार अंक के साथ चौथे स्थान पर है।

अफगानिस्तान को सात नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है। अगर अफगानिस्तान की टीम यह मैच जीतती है तो भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। भारतीय फैंस को यह उम्मीद करनी होगी कि अफगानिस्तान बड़े अंतर से न जीते। इसके बाद भारत को नामीबिया से आठ नवंबर को मुकाबला खेलना है। अफगानिस्तान-न्यूजीलैंड के मैच से सारे समीकरण भारतीय खिलाड़ियों के सामने होंगे। उन्हें पता होगा कि कितने रन या विकेट से भारत को मैच जीतना है।

भारत ने उन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए नामीबिया के खिलाफ मैच जीता तो सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगा। उस स्थिति में भारत, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड तीनों के छह अंक होंगे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के हिसाब से भारत क्वालीफाई कर जाएगा।

दोनों टीमें-
भारत: केएल राहुल, रोहित शर्मा, विराट कोहली (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह

स्कॉटलैंड: जॉर्ज मुन्से, काइल कोएत्जर (कप्तान), मैथ्यू क्रॉस (विकेटकीपर), रिची बेरिंगटन, कैलम मैक्लॉयड, माइकल लीस्क, क्रिस ग्रीव्स, मार्क वाट, साफियान शरीफ, एलेस्डेयर इवांस, ब्रैडली व्हील।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें