भारत और पाकिस्तान की टीमें विश्व कप में शनिवार (14 अक्तूबर) को आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया की नजर टूर्नामेंट में अपने जीत के क्रम को जारी रखने पर है। उसने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान को हराया है। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला काफी अहम है। इस मैच का क्रेज देखने को बनता है। फैंस टिकट के लिए मारामारी कर रहे हैं। इससे क्रिकेटर भी नहीं बच पाते हैं।
भारतीय खिलाड़ियों को उनके करीबी लगातार टिकट के लिए कह रहे हैं। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर यह अपील की थी कि उनसे कोई टिकट न मांगे। अब इस लिस्ट में सूर्यकुमार यादव का नाम भी जुड़ गया है। सूर्यकुमार ने भी दोस्तों और जानने वालों से अपील की है कि उनसे कोई टिकट के लिए न पूछे।
सूर्यकुमार ने क्या लिखा?
सूर्यकुमार यादव ने अपने परिचितों से अनुरोध किया है कि वे अब भारत बनाम पाकिस्तान मैच के टिकट न मांगें। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "भाईलोग घर पर अच्छे-अच्छे टीवी हैं सबके, बैठ के मैच देखो, आनंद करो और एसी का आनंद लो। कृपया कोई और टिकट अनुरोध न करें।"
कोहली और अनुष्का ने की थी यह अपील
सूर्यकुमार से पहले कोहली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी लगाई थी, जिसमें उन्होंने लिखा था, "जैसे कि हम विश्व कप की तरफ बढ़ रहे हैं। मैं विनम्रता के साथ अपने दोस्तों से कहना चाहूंगा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान टिकट के लिए मुझे फोन न करें। कृपया अपने घर से ही मैच का मजा लें।"
अनुष्का ने विराट की स्टोरी को अपने अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा था, "और मुझे इसमें कुछ जोड़ने दें, अगर आपके मैसेज का जवाब नहीं मिलता है तो मुझसे मदद की गुहार न लगाएं। समझने के लिए धन्यवाद।"
टिकट को लेकर बहुत मारामारी
वनडे विश्व कप 2023 के टिकटों को लेकर बहुत मारामारी है। भारत-पाकिस्तान जैसे बड़े मुकाबलों के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध होते ही बिक गए थे। कई फैंस को टिकट नहीं मिले हैं। सोशल मीडियो पर फैंस ने इसकी शिकायत भी की थी। ऐसे में फैंस खिलाड़ियों के जरिए कुछ रिजर्व टिकट हासिल करने की कोशिश करते हैं। यही वजह है कि इस अहम टूर्नामेंट से पहले विराट को ऐसी अपील करनी पड़ी है।