भाजपा हर चुनाव को गंभीरता से लेती है। पार्टी के लिए प्रत्येक विधानसभा और लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण है। पार्टी जीतने के लिए चुनाव लड़ती है। विधानसभा चुनावों में केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों को प्रत्याशी बनाने के सवाल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह बात कही।
आगामी लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने की योजना के तहत महाराष्ट्र में भाजपा नेताओं के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करने आए ठाकुर यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, हर चुनाव लोगों की सेवा करने के लिए फिर से निर्वाचित होने का एक अवसर है। आगामी चुनावों के मद्देनजर हमें जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने की आवश्यकता है। हम एनडीए को भी मजबूत करना चाहते हैं। भाजपा संगठनात्मक बैठकें कर रही है और 2024 चुनावों के लिए रणनीतियां तैयार कर रही है।
हम जीतने के लिए लड़ते हैं चुनाव
ठाकुर ने कहा, हम पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ते हैं। अगर आप मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान को देखें तो कई सांसद और केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं। यह उस गंभीरता को दर्शाता है जिसके साथ हम चुनाव लड़ते हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने विधानसभा चुनावों के लिए अब तक घोषित उम्मीदवारों में चार केंद्रीय मंत्रियों समेत 18 सांसदों को मैदान में उतारा है। इनमें मध्य प्रदेश और राजस्थान में सात-सात और छत्तीसगढ़ में चार प्रत्याशी शामिल हैं।
विधानसभा चुनावों के नवीनतम दौर के लिए अब तक घोषित उम्मीदवारों की सूची में, भाजपा ने चार केंद्रीय मंत्रियों सहित 18 सांसदों को नामित किया है, जिसमें से मध्य प्रदेश और राजस्थान में सात-सात और छत्तीसगढ़ में चार शामिल हैं।
सबका साथ और सबका विकास का हो रहा पालन
वहीं मंत्री ठाकुर ने विपक्षी आईएनडीआईए ब्लॉक के भाजपा की भेदभावपूर्ण नीतियां अपनाने के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत का पालन कर रहे हैं।
पिछले साढ़े नौ वर्षों में कोई भी यह दावा नहीं कर सकता कि उनके साथ भेदभाव किया गया है। नरेंद्र मोदी सरकार में गरीबों और जरूरतमंदों को कई योजनाओं का लाभ मिला है।