भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला आज से धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले की पहली पारी में यशस्वी जायसवाल ने शानदार अर्धशतक ठोका। हालांकि, वह सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ने में नाकाम रहे।
धर्मशाला में जारी इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड पहली पारी में 218 रन बना सकी। जैक क्रॉली ने भारत के खिला सर्वाधिक 79 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और एक छक्का जड़ा। 38वें ओवर की दूसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने उन्हें शिकार बनाया। भारतीय गेंदबाज ने पांच विकेट हासिल किए जबकि अश्विन को चार सफलता मिलीं। वही, जडेजा ने एक विकेट चटकाया।
इंग्लैंड द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार हुई है। 23 वर्षीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से दमदार अर्धशतक जड़ा। इस सीरीज में यह उनकी चौथी फिफ्टी है। हालांकि, वह पहली पारी में सुनील गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ने में नाकाम रहे।
गावस्कर के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूके बल्लेबाज
दरअसल, पूर्व सलामी बल्लेबाज के नाम एक टेस्ट सीरीज में बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। आठ पारियों में गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 1970-71 में खेली गई सीरीज में 774 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर भी दिग्गज बल्लेबाज ही हैं जिन्होने 1978-79 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 732 रन बनाए थे। वहीं, यशस्वी इस लिस्ट में बतौर ओपनर सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने नौ पारियों में इंग्लैंड के खिलाफ 712 रन बना लिए हैं। गावस्कर के दूसरे रिकॉर्ड को वह भारत की दूसरी पारी में तोड़ सकते हैं।
टेस्ट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने यशस्वी
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। वह सबसे तेज हजार टेस्ट रन पूरे करने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 16वीं पारी में 1000 रन पूरे किए। वहीं, ओवऑल हजार टेस्ट रन बनाने वाले वह दूसरे सबसे तेज भारतीय हैं। विनोद कांबली ने 14 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे।