बीसीसीआई ने बुधवार को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि, आवेश को मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया है। वह अभ्यास मैच के दूसरे व तीसरे दिन नहीं खेलेंगे। बता दें कि डरहम में काउंटी सिलेक्ट इलेवन के खिलाफ खेले जा रहे अभ्यास मैच के पहले दिन उन्हें चोट लगी थी। दरअसल, मंगलवार को पहले दिन लंच के बाद के सत्र में अपने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आवेश को चोट लगी थी। वह हनुमा विहारी के शॉट को रोक रहे थे। गेंद लगने के बाद वह काफी दर्द में दिख रहे थे और तुरंत उन्हें चिकित्सा मदद की गई। वहीं, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दौरे पर स्टैंडबाई खिलाड़ी के रूप में गए आवेश चोट के कारण लंबे समय तक बाहर हो सकते हैं। चार अगस्त से नॉटिंघम के ट्रेंटब्रिज में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम प्रबंधन के पास कम से कम एक नेट गेंदबाज कम होगा। बीसीसीआई सूत्र ने कहा, 'इस मैच को तो छोड़ दीजिए, आवेश के इस सीरीज में भी आगे हिस्सा लेने की संभावना नहीं है। उनके अंगूठे में फ्रैक्चर है। वह कम से कम एक महीने तक गेंदबाजी नहीं कर पाएगा और इसके बाद उसका रिहैबिलिटेशन शुरू होने की उम्मीद है। अगले तीन दिन में स्थिति स्पष्ट होगी।'
चोट के कारण इंग्लैंड दौरे से बाहर होने वाले युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल स्वदेश लौट गए हैं। वह पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के बाद टीम के जैव सुरक्षित वातावरण से बाहर निकल गये थे लेकिन इसके बाद ब्रिटेन में ही छुट्टियां मना रहे थे। शुभमन मोहाली में अपने परिजनों के साथ कुछ समय बिताने के बाद बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से जुड़ेंगे। वह इंडियन प्रीमियर लीग के दूसरे चरण में वापसी कर सकते हैं।