बेहतरीन फॉर्म में चल रहे कप्तान रूट (121) की लाजवाब शतकीय पारी और डेविड मलान (70) के साथ तीसरे विकेट पर 139 रन की साझेदारी से इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन 8 विकेट पर 423 रन बना लिए हैं।
पहली पारी में महज 78 रन पर लुढ़कने वाली भारतीय टीम के खिलाफ इंग्लैंड की कुल बढ़त 345 रन की हो गई थी। क्रेग ओवरटन 24 रन पर नाबाद हैं रोबिन्सन ने खाता नहीं खोला है। भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में रूट का यह लगातार तीसरा शतक रहा। टेस्ट क्रिकेट में उनका कुल 23वां और भारत के खिलाफ आठवां शतक है।
मलान की अर्द्धशतक से वापसी
रूट शुरुआत से ही आक्रामक मूड में नजर आए और महज 57 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया था। हालांकि दूसरे सत्र की अंतिम गेंद पर डेविड मलान (70) ने अपना विकेट गंवा दिया जब गेंद को फ्लिक करने के प्रयास में गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर पंत के दस्तानों में समा गई। तीन साल में अपना पहला टेस्ट खेल रहे मलान का यह टेस्ट क्रिकेट में सातवां अर्द्धशतक रहा। उन्होंने तीसरे विकेट पर कप्तान रूट के साथ 139 रन की साझेदारी की।
बर्न्स-हसीब की शतकीय साझेदारी
इंग्लैंड ने बिना विकेट गंवाए 120 रन से आगे खेलना शुरू किया था। बर्न्स और हसीब हमीद के बीच पहले विकेट पर 135 रन की भागीदारी हुई। शमी ने ‘राउंड द विकेट’ गेंदबाजी करते हुए खेल के पहले घंटे में रोरी बर्न्स (61 रन) को बोल्ड किया।
सुबह के सत्र में इंग्लैंड ने 62 रन जोड़े जिससे लंच तक पहली पारी में उसका स्कोर दो विकेट पर 182 रन हो गया। भारत को दूसरा विकेट रविंद्र जडेजा ने दिलाया जिन्होंने दिन के अपने पहले ही ओवर में हमीद (68) को बोल्ड किया। बाएं हाथ के स्पिनर ने अपनी खूबसूरत गेंद पर क्रीज पर जमे हुए हमीद का बड़ा विकेट झटका।
न्यूजीलैंड के खिलाफ डुनेडिन में 2012-13 के बाद यह पहला मौका है जब इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के चार बल्लेबाज हसीब, बर्न्स, मलान और रूट ने 50 से ज्यादा रन की पारियां खेलीं। इससे पहले 2005 में लॉर्ड्स में भी मेजबान टीम बल्लेबाज बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा करने में सफल रहे थे।
- 121 : रन की पारी खेली जो रूट ने 165 गेंदों पर जिसमें 14 चौके शामिल थे
- 135 : रन की साझेदारी हुई बर्न्स और हसीब के बीच पहले विकेट पर
- 70 : रन बनाए तीन साल में पहला टेस्ट खेल रहे डेविड मलान ने