न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम की पिच को लेकर टी20 विश्व कप में खासा विवाद हुआ था। टूर्नामेंट खत्म होने के बाद भी आईसीसी ने इस पिच को अब तक रेटिंग नहीं दी थी जिस पर कई दिनों से सभी की नजरें थीं। अब क्रिकेट की वैश्विक संस्था ने न्यूयॉर्क की इस पिच पर खेले गए आठ में से छह मैचों की पिच को लेकर नरम रुख अपनाया है। इन मैचों में भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला भी शामिल हैं। आईसीसी ने नासाउ काउंटी स्टेडियम की पिट को संतोषजनक रेटिंग दी है।
भारत-आयरलैंड मैच की पिच को मिली असंतोषजनक रेटिंग
अस्थायी नासाउ काउंटी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैचों में से आयरलैंड के खिलाफ भारत के शुरुआती मैच के अलावा श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच के लिए इस्तेमाल की गई पिच को मैच रेफरी से असंतोषजनक रेटिंग मिली है। आईसीसी ने अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए न्यूयॉर्क में मैचों का आयोजन किया था लेकिन खराब पिच और धीमी आउटफील्ड के कारण उसे आलोचना का सामना करना पड़ा था। आईसीसी ने टूर्नामेंट खत्म होने के काफी समय के बाद मंगलवार को अपनी वेबसाइट पर पिच रेटिंग प्रकाशित की। यह टूर्नामेंट एक से 29 जून तक अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेला गया था। न्यूयॉर्क में सभी आठ मैच कम स्कोर वाले रहे थे। टूर्नामेंट के आयोजन के दौरान और उसके बाद विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने इन पिचों की तीखी आलोचना की थी। भारत ने न्यूयॉर्क में ग्रुप चरण के तीन मैच खेले, जबकि फोर्ट लॉडरहिल में कनाडा के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया।
क्या होती है ड्रॉप इन पिच?
ड्रॉप इन पिच का मतलब ऐसी पिच होती है जिसे मैदान या स्थल से दूर कहीं बनाया जाता है और बाद में स्टेडियम में लाकर बिछा दिया जाता है। न्यूयॉर्क में इस्तेमाल की गई पिचें एडिलेड ओवल के मुख्य क्यूरेटर डेमियर हॉग के नेतृत्व में तैयार की गई थीं। इन पिचों को मई के पहले सप्ताह में न्यूयॉर्क पहुंचाया गया था और पूरा परीक्षण किए बिना इस पर दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के बीच उद्घाटन मैच खेला गया था।
सिर्फ तीन मैचों को मिली खराब रेटिंग
न्यूयॉर्क में खेले गये आठ मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर 107.6 था। रंजन मदुगले, डेविड बून, जेफ क्रो और रिची रिचर्डसन न्यूयॉर्क के मैचों के लिए चार मैच रेफरी थे। बारबाडोस में अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के सुपर आठ मैच की पिच को संतोषजनक रेटिंग दी गई थी। टूर्नामेंट के फाइनल मैच की पिच को बहुत अच्छा रेटिंग मिली। बहुत अच्छा रेटिंग हासिल करने वाली यह इकलौती पिच रही। प्रतियोगिता के 52 मैचों में से केवल तीन मैचों को असंतोषजनक रेटिंग दी गई। इसमें तीसरा मैच त्रिनिदाद में अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया सेमीफाइनल था, जहां अफगानिस्तान की टीम 56 रन पर आउट हो गई थी।