वनडे विश्व कप 2023 की शुरुआत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच से होगी। वनडे विश्व कप के 13वें संस्करण का गूगल ने खास अंदाज में जश्न मनाया। गूगल डूडल ने गुरुवार को वनडे विश्व कप 2023 के उद्घाटन दिवस का जश्न मनाया। डूडल में दर्शकों की उपस्थिति में स्टेडियम में विकेटों के बीच दो एनिमेटेड बत्तखें दौड़ती हुई दिखाई दे रही हैं। गूगल डूडल पर क्लिक करने पर, उपयोगकर्ता को वनडे विश्व कप 2023 का पूरा शेड्यूल दिखाई देगा।
वनडे विश्व कप की शुरुआत1975 में हुई थी। यह वनडे विश्व कप का 13 वां संस्करण है, जिसमें 10 देशों की टीमें भाग ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में ग्रुप चरण में 45 मैच खेले जाएंगे, जिसमें प्रत्येक टीम को एक-एक बार सभी टीमों से भिड़ना होगा। इस वर्ष अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका की टीमें भाग लेंगी।
केवल चार टीमें नॉकआउट चरण में आगे बढ़ेंगी, जिसमें दो सेमीफाइनल मैच और एक फाइनल अहमदाबाद में होगा। यह टूर्नामेंट पूरे भारत में अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ, धर्मशाला और पुणे के स्टेडियमों में खेला जाएगा।
पहला मैच पांच अक्तूबर (गुरुवार) को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग स्टेज के 45 मुकाबले 12 नवंबर तक खेले जाएंगे। भारत और नीदरलैंड के बीच बेंगलुरु में आखिरी लीग मैच होगा। भारतीय टीम विश्व कप में अपना पहला मैच आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, भारत का पाकिस्तान से मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के बाद अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और आखिरी ग्रुप मैच नीदरलैंड के खिलाफ खेलेगी।
आईसीसी ने टूर्नामेंट में प्राइज मनी का बजट 82.93 करोड़ रुपये (10 मिलियन अमेरिकी डॉलर) रखा है। विजेता टीम को 33.17 करोड़ रुपये (चार मिलियन अमेरिकी डॉलर) मिलेंगे। फाइनल में हारने वाली टीम को 16.59 करोड़ रुपये (दो मिलियन अमेरिकी डॉलर) मिलेंगे। सेमीफाइनल में हारने वाली हर टीम को 6.65 करोड़ रुपए मिलेंगे। लीग स्टेज से ही बाहर होने वाली छह टीमों में सभी को 83.23 लाख रुपए मिलेंगे। वहीं ग्रुप स्टेज में हर एक मैच जीतने पर टीमों को 33.29 लाख रुपए की राशि दी जाएगी। इनके अलावा प्लेयर ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बैटर और बेस्ट बॉलर का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाड़ियों को अलग से प्राइज मनी दी जाएगी।