भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा था कि इससे टेस्ट क्रिकेट को बूस्ट मिलेगा। अब पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहीद अफरीदी ने रोहित के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। मालूम हो कि भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक कारणों से लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही है।
रोहित ने क्या दिया था बयान?
हाल ही में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने एक पॉडकास्ट के दौरान रोहित से पूछा था कि क्या भारत और पाकिस्तान के बीच नियमित रूप से मैच होना टेस्ट क्रिकेट के लिए फायदेमंद रहेगा? इस पर रोहित ने कहा था, मेरा मानना है कि वे अच्छी टीम है। अगर हम बाहर खेलें तो उनकी गेंदबाजी लाइन अप बेहतर है। दोनों टीमों के बीच आखिरी बार टेस्ट 2007-08 में खेला गया था। हां, मैं पाकिस्तान के खिलाफ खेलना पसंद करूंगा। दोनों टीमों के बीच अच्छा मुकाबला होता है। हम उनके खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट में खेलते हैं। नियमित रूप से क्रिकेट होना पसंद करूंगा।
अफरीदी ने रोहित के पॉजिटिव अप्रोच को सराहा
अफरीदी ने रोहित के बयान का समर्थन करते हुए भारतीय कप्तान के पॉजिटिव अप्रोच की सराहना की है। उन्होंने कहा कि खेल दोनों देशों के बीच मतभेद कम करने का कारण बन सकता है। अफरीदी ने एक चैनल से कहा, बिलकुल बहुत अच्छा जवाब है, होना भी यही चाहिए। भारतीय कप्तान द्वारा एक सकारात्मक बयान आया है। वह भारत के दूत हैं। मैंने हमेशा से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच मतभेद दूर करने में खेल, विशेषकर क्रिकेट एक बड़ी भूमिका निभा सकता है। हम भारत जाते थे और क्रिकेट खेलते थे। इसी तरह से रिश्ते बेहतर होते हैं। पड़ोसी हैं, पड़ोसियों का हक होता है। रिश्ते जितने बेहतर हो उतना अच्छा है।
पिछले साल वनडे विश्व कप में भिड़ी थी दोनों टीमें
भारत और पाकिस्तान के बीच अंतिम बार मुकाबला पिछले साल भारत में हुए वनडे विश्व कप में हुआ था। भारत ने अहमदाबाद में खेले गए उस मुकाबले में सात विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों टीमों के बीच अब एक बार फिर से टी20 विश्व कप के दौरान भिड़ंत होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच आईपीएल 2024 के तुरंत बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले टी20 विश्व कप में नौ जून को मुकाबला खेला जाएगा।