पाकिस्तान का सफर टी20 विश्व कप में ग्रुप चरण में ही थम गया। इसका कारण आयरलैंड और अमेरिका के बीच मैच बारिश के कारण रद्द होना रहा था। पाकिस्तान की शुरुआत इस टूर्नामेंट में अच्छी नहीं रही थी और उसे पहले अमेरिका ने सुपर ओवर में हराया और फिर भारत ने छह रनों से मात दी थी। पाकिस्तान को अपने प्रदर्शन के कारण आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है और अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने भी उसे आड़े हाथों लिया है।
बारिश को दोष देने पर भड़के सहवाग
सहवाग ने कहा, आप बारिश को किस तरह दोष दे सकते हो? अगर आप जीत भी जाते तो भी आगे बढ़ने के हकदार नहीं हो। आप सुपर आठ चरण में हारते क्योंकि वहां आपको आसान विपक्षी टीम नहीं मिलती। आपको यह ज्ञात होना चाहिए कि आप पहली बार टूर्नामेंट में खेलने उतरी अमेरिका की टीम से हारे। इसलिए आप आगे बढ़ने के हकदार ही नहीं है। भारत के खिलाफ टीम 120 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी वो भी तब जब आपके विकेट शेष थे और सिर्फ 113 रन ही बना सके। आप किस तरह बारिश को दोषी ठहरा रहे हो?
भारत-पाकिस्तान एक ग्रुप में थे शामिल
आईसीसी आमतौर पर भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखती है क्योंकि इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी हाई प्रोफाइल रहता है। इस मैच को ना सिर्फ दोनों देशों के प्रशंसक देखते हैं, बल्कि दुनिया भर में क्रिकेट प्रशंसक भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का इंतजार करते हैं। मालूम हो कि भारत और पाकिस्तान के बीच करीब एक दशक से द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली जा रही है और दोनों टीमें आईसीसी टूर्नामेंट या बहुराष्ट्रीय टीमों के बीच खेले जाने वाले टूर्नामेंट में ही एक दूसरे से भिड़ते हैं।
सहवाग ने पाकिस्तान पर कसा तंज
सहवाग ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा, 2007 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान दोनों अगले दौर में नहीं पहुंचे थे। उस वक्त हम दोनों एक ग्रुप में भी शामिल नहीं थे। अब आईसीसी को भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखने पर दोबारा विचार करना चाहिए और यह सुनिश्चित करे कि वे ऐसी टीम को ग्रुप में ना रखे जो पाकिस्तान को हरा सके।