ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न ने पैट कमिंस को लेकर बयान दिया है। उनका कहना है यह उचित समय है कि पैट कमिंस को कंगारू टीम का टेस्ट कप्तान बना दिया जाए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि जोस इंगलिस को विकेटकीपर की जिम्मेदारी सौंप दी जाए। एक पूर्व सहयोगी महिला को चार से पहले अश्लील मैसेज भेजने के मामले में फंसे टिम पेन ने बीते शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था।
कमिंस को कप्तान बनाने का सही समय
रविवार को द टेलीग्राफ में शेन वॉर्न ने लिखा, मेरे लिए यह सही समय है कि पैट कमिंस को ऑस्ट्रेलिया का कप्तान बना दिया जाए, यह कुछ ऐसा है जिसे मैंने शुक्रवार की घटनाओं के सामने आने से पहले ही सोचा था। उन्होंने आगे लिखा, पोस्टर ब्वॉय कमिंस दुनिया भर में सम्मानित और प्यार पाने वाले क्रिकेटर हैं, उन्हें अब कप्तान बनाया जाना चाहिए, मैथ्यू वेड, जोस इंगलिस और एलेक्स कैरी को टिम पेन की भूमिका निभाने के लिए टीम में विकेटकीपर के तौर पर जगह मिलनी चाहिए।
इंगलिस के पक्ष में वॉर्न
शेन वॉर्न ने आगे लिखा, विकेटकीपर के रूप में मेरा वोट जोस इंगलिस के साथ है, वह स्टंप के पीछे काफी फुर्तीले हैं, वह 360 डिग्री वाले खिलाड़ी हैं, वह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के लिए पिछले सीजन में तीन शतक लगा चुके हैं, उनमें मैंने टीम भावना देखी है, वह अभी 26 साल के हैं और उन्हें टीम में मौका मिलना चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान हैं कमिंस
कंगारू टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस अभी ऑस्ट्रेलिया के उपकप्तान हैं। इसलिए ज्यादातर लोगों का मानना कि उन्हें टेस्ट टीम का कप्तान बना देना चाहिए। पिछले कुछ साल से टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए बेहतर प्रदर्शन किया है। उनके टेस्ट के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो उन्होंने 34 मैचों की 65 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 164 विकेट चटकाए हैं। एक पारी में 23 रन देकर छह विकेट आउट करना टेस्ट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।