चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से जो वीडियो शेयर किया गया है, उसमें साफ दिख रहा है कि चेन्नई की टीम और धोनी ने पहले ही ठाकुर को जूस से नहलाने की प्लानिंग कर ली थी। इसी वजह से ठाकुर का केक काटवाने से पहले धोनी दूसरे खिलाड़ी के साथ मिलकर जमीन पर तौलिया बिछाते हैं और शार्दुल से उस तौलिया पर खड़ा होने के लिए कहते हैं। इसके बाद शार्दुल जैसे ही केक काटना शुरू करते हैं। बाकी खिलाड़ी पीछे से आकर उन्हें जूस से नहला देते हैं। इसके बाद धोनी उन्हें केक खिलाते हैं और कृष्प्पा गौतम आकर पूरे चेहरे पर केक लगा देते हैं।
शार्दुल ठाकुर 30 साल के हो चुके हैं। उनका 30वां जन्मदिन शायद उनके लिए सबसे खास था, जब उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी टीम आईपीएल फाइनल जीती है। हालांकि इससे पहले 2018 में भी शार्दुल आईपीएल खिताब जीतने वाली इसी चेन्नई की टीम का हिस्सा थे। यह चौथा मौका है, जब चेन्नई की टीम आईपीएल का खिताब जीतने में कामयाब रही है। सिर्फ मुंबई की टीम ने इससे ज्यादा पांच खिताब जीते हैं। वहीं शार्दुल की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए टेस्ट में कई कमाल की पारियां खेली हैं। गेंदबाजी में भी उन्होंने अहम मौकों पर अपनी टीम के लिए विकेट झटके हैं और टीम के सबसे अहम खिलाड़ी बनते जा रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने अपनी अहमियत साबित की थी।