क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकली ने घोषणा की है कि वह अगले साल मार्च में अपने पद से इस्तीफा देंगे। हॉकली पिछले पांच साल से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ पद पर हैं। स्थानीय अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष माइक बेयर्ड और निदेश्कों ने हॉकली को सूचित कर दिया है कि उनकी नियुक्ति दीर्घकालिन आधार पर नहीं हुई है और आपसी सहमति से वह इस्तीफा दे सकते हैं।
हॉकली का ध्यान अगले सत्र पर
रिपोर्ट के अनुसार, हॉकली ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बोर्ड को बताया कि वह मार्च में पद छोड़ेंगे। इससे पहले माइक बेयर्ड और निदेशकों ने फैसला किया कि हॉकली लंबे समय तक सीईओ नहीं रहेंगे लेकिन उन्हें उनकी शर्तो पर जाने की सहूलियत दी है। भारतीय टीम तीन सप्ताह के भीतर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने ऑस्ट्रेलिया आ रही है और हॉकली ने कहा कि इस समय इस्तीफा उनके दिमाग में नहीं है। उन्होंने कहा, यह अलविदा कहने का समय नहीं है क्योंकि मेरा पूरा ध्यान अगले सत्र पर है।
कोविड-19 जैसे चुनौतीपूर्ण समय में हॉकली ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को अपनी सेवाएं दी। उनके कार्यकाल में ऑस्ट्रेलिया की पुरुष और महिला टीमों ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिताब हासिल किए। इसके अलावा उनके कार्यकाल में ही जमीनी स्तर पर क्रिकेट को बढ़ाना और खेल की व्यावसायिक पहुंच का विस्तार हुआ। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उनकी जगह इस पद पर किसी उपयुक्त व्यक्ति की तलाश कर रहा है। दावेदारों में जेम्स ऑलसोप, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा क्रिकेट प्रमुख शामिल हैं।
भारत को ऑस्ट्रेलिया में खेलनी पांच मैचों की सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। दोनों टीमों के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जाएगा। भारत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हैट्रिक लगाने के इरादे से उतरेगा।