बांग्लादेश ने पहले टी-20 मैच में न्यूजीलैंड को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मेजबान टीम पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम 16.5 ओवर में महज 60 पर ऑलआउट हो गई। जवाब में बांग्लादेश ने 30 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। बांग्लादेश की तरफ से शाकिब अल हसन ने 25 रन बनाए। इसके अलावा मुश्फिकुर रहीम 16* और महमुदुल्लाह 14 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम की खराब शुरुआत रही। बांग्लादेशी गेंदबाजों के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज बेबस नजर आए। टॉम लाथम (18) और हेनरी निकोल्स (18) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा नहीं पार कर पाया। मेजबान टीम की तरफ से मुस्तफिजुर रहमान ने 13 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि नसुम अहमद, शाकिब अल हसन और मोहम्मद सैफुद्दीन ने दो-दो विकेट झटके। बता दें कि टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कीवी टीम का यह संयुक्त रूप से सबसे कम स्कोर है। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ भी कीवी टीम साल 2014 में केवल 60 रन के स्कोर पर सिमट गई थी। याद हो की इससे पहले बांग्लादेश की टीम ऑस्ट्रेलिया को भी 62 रन के स्कोर पर ऑलआउट कर दी थी। यह मुकाबला बांग्लादेश ने 60 रन से जीता था।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड का सबसे कम टोटल्स
- 60 बनाम बांग्लादेश, 2021
- 60 बनाम श्रीलंका, 2014
- 80 बनाम पाकिस्तान, 2010
- 81 बनाम श्रीलंका, 2010
- 86 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2012
शाकिब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज
- 107 - लसिथ मलिंगा
- 104 - शाकिब अल हसन
- 99 - टिम साउथी
- 98 - शाहिद अफरीदी
- 95 - राशिद खान